Mainpuri News: मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र से पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गृह क्लेश ने हिंसक रूप ले लिया। ऐसे में बैनर्जी नगर निवासी आशा देवी ने थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी ही पुत्रवधू साधना और उसके साथ आए लोगों पर ये गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरी खबर?
पीड़िता के अनुसार, करीब पांच दिन पहले साधना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर अपने मायके बेवर थाना क्षेत्र चली गई थी और अपने दोनों बच्चों को घर पर ही छोड़ गई थी। इसके बाद 28 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे, जब घर में केवल छोटी पुत्रवधू लवली मौजूद थी, तभी साधना अपने भाई संतोष समेत अन्य लोगों के साथ अचानक घर पहुंची।
असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी
आरोप है कि घर पहुंचते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर आशा देवी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़िता को असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और मकान अपने नाम कराने का दबाव बनाया गया। घटना के दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बेटा ग्वालियर के लिए रवाना
पीड़िता का कहना है कि इस दौरान साधना और उसके साथ आए लोगों ने घर से दो सोने की चैन, दो जोड़ी कुंडल और दोनों बहुओं के मोबाइल फोन जबरन छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के समय पीड़िता के पति गांव जौराई गेहूं काटने गए थे और बेटा ग्वालियर के लिए रवाना हो रहा था, जिससे घर पर महिलाएं ही मौजूद थीं।
गोरखपुर : पैदल निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने विरासत गलियारा का जाना हाल, अधिकारियों को दी चेतावनी
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। खास बात यह है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।फिलहाल पीड़िता ने थाना प्रभारी निरीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

