Gorakhpur : जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला है। जहां न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची एक महिला के साथ कथित तौर पर पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट और अभद्रता किए जाने के आरोप ने पूरे महकमे को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
पूरा मामला क्या है
मामला बेलघाट थाना क्षेत्र का है। जहां रहने वाली नेहा पत्नी सोनू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि 29 अप्रैल को उसके पति के चचेरे भाई ने घर में घुसकर उसकी पत्नी और साली के साथ मारपीट की थी। घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए वह अपनी मां और भाई के साथ बेलघाट थाने पहुंची थी।
थाने के अंदर क्या हुआ
पीड़िता के अनुसार, जब वह थाने के बाहर बैठकर प्रार्थना पत्र लिख रही थी तभी सादे कपड़ों में पहुंचे दारोगा अशोक सिंह ने उसका हाथ पकड़कर जबरन थाने के अंदर ले जाने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद थाने के भीतर मौजूद छह से सात पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो उसे और अधिक प्रताड़ित किया गया। किसी तरह बाहर निकलकर पीड़िता ने सीधे एसएसपी से शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई।
जांच और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई जिसमें महिला के साथ अभद्रता की पुष्टि हुई। इसके बाद सख्त कार्रवाई करते हुए दारोगा अशोक सिंह और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच एसपी दक्षिणी को सौंपी गई है।
लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने बताया कि जब थाने में ही फरियादियों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

