Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के झींझक नगर में शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ भव्य बुद्ध यात्रा निकाली गई। नगर में निकली इस शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान बुद्ध के बताए शांति, प्रेम और करुणा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
बुद्ध यात्रा का मंगल मैत्रेय बुद्ध विहार झींझक एवं डॉ.बी आर आंबेडकर कमलाबाग झींझक के तत्वाधान में आयोजन हुआ। इस यात्रा का शुभारंभ नगर के बुद्ध विहार रूरा रोड से हुआ। इसके बाद यात्रा रामादेवी डिग्री कॉलेज, उड़नवापुर, वापस नहरपुल, बस्ती, मुख्य मार्ग, बतासा गली होते हुए वार्ड नंबर 3 आंबेडकर नगर कॉलोनी पहुंची और अंत में पुनः बुद्ध विहार में जाकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और भगवान बुद्ध के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान बुद्ध की वेशभूषा में सुसज्जित रथ रहा, जिस पर आकर्षक झांकी सजाई गई थी। झांकी को देखने के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु हाथों में तख्तियां लिए चल रहे थे, जिन पर "बुराई से बुराई कभी खत्म नहीं होती, बुराई को केवल प्रेम से जीता जा सकता है" जैसे प्रेरणादायक संदेश लिखे थे। इन संदेशों के माध्यम से समाज में भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
यात्रा के समापन पर बुद्ध विहार में उपासक और उपासिकाओं को प्रसाद स्वरूप खीर वितरित की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान झींझक पुलिस चौकी से पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेंद्र कुशवाहा, रामलखन श्रमशील, रामऔतार बौद्ध, ब्रजभान संखवार, रामप्रकाश सेवानिवृत्त, बलराम संखवार, रामलखन, रेनू गौतम, शिवकुमार, मंजीत, प्रेमबाबू, आदर्श, सुप्रीत गौतम, वेद प्रकाश, शिवम गौतम, अनुपम राव (शिक्षक), आयुष, आदेश कुशवाहा सहित तमाम श्रद्धालु उपस्थित रहे। बुद्ध पूर्णिमा पर निकली इस यात्रा ने नगरवासियों को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।

