Dailyhunt
कुशीनगर को नई पहचान दिलाने की पहल, सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग का डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किया भव्य स्वागत

कुशीनगर को नई पहचान दिलाने की पहल, सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग का डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किया भव्य स्वागत

Kushinagar: शनिवार का दिन पर्यटन, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से काफी अहम रहा। सिंगापुर गणराज्य के भारत में उच्चायुक्त हिज एक्सीलेंसी साइमन वोंग ने कुशीनगर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

साथ ही जिले में पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए। उनकी यह यात्रा कुशीनगर को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में एक अच्छी पहल मानी जा रही है।

महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर में की बुद्ध वंदना

कुशीनगर पहुंचने पर सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर में बुद्ध वंदना की। इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में उन्होंने भगवान बुद्ध को चीवर अर्पित किया। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल के बीच उच्चायुक्त ने श्रद्धा और सम्मान के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कुशीनगर के अन्य ऐतिहासिक और बौद्ध स्थलों का भी भ्रमण किया।

बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव के सफल आयोजन पर जताया आभार

इस मौके पर साइमन वोंग ने सिंगापुर प्रतिनिधिमंडल की ओर से अंतरराष्ट्रीय बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव-2026 के सफल आयोजन के लिए जनपद प्रशासन और सहयोगी टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुशंसा पर सिंगापुर टीम की यह कुशीनगर की पहली आधिकारिक यात्रा है। उन्होंने यह भी माना कि कुशीनगर बौद्ध धर्म का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और वैश्विक महत्व का तीर्थस्थल है। जहां दुनिया भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं।

कुशीनगर में सांसद विजय दुबे की पहल: हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने पर जोर, बोले- कोई शिक्षा से नहीं रहेगा वंचित

एयरपोर्ट और निवेश संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

उच्चायुक्त ने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी भ्रमण किया और उसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी के लिहाज से यह एयरपोर्ट काफी मजबूत है और भविष्य में यहां से चार्टर तथा नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कुशीनगर के समग्र विकास के लिए तैयार विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।

विकास प्रस्तावों में सिंगापुर की रुचि

चर्चा के दौरान बोधिसत्त्व आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सिटी, रिसोर्ट सिटी, बुद्धिस्ट आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर, लिंग्विस्टिक स्कूल और आधुनिक टाउनशिप जैसे प्रोजेक्ट्स पर विचार-विमर्श हुआ। साइमन वोंग ने इन प्रस्तावों को सराहनीय बताया और कहा कि सिंगापुर पक्ष इन पर गंभीरता से अध्ययन करेगा। खासतौर पर बौद्ध धर्म से जुड़े स्मृति चिन्हों और सांस्कृतिक उत्पादों के निर्माण में विशेष रुचि दिखाई।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dynamite News