Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित. गांव में भड़का आक्रोश, प्रदर्शन के बीच आरोपी हिरासत में

शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित. गांव में भड़का आक्रोश, प्रदर्शन के बीच आरोपी हिरासत में

Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बुधवार सुबह शिवलिंग खंडित मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और महिलाएं मंदिर परिसर में जुट गईं।

देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल पर इस प्रकार की घटना बेहद निंदनीय है और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

यह है पूरा मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिवलिंग को टूटी अवस्था में देखा। सूचना गांव में फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। कुछ समय के लिए मंदिर परिसर के आसपास तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि स्थानीय लोगों ने संयम बनाए रखा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी गीडा के नेतृत्व में गीडा थाना पुलिस और भरसाड़ चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मंदिर परिसर को अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

फर्रुखाबाद में मायके में विवाहिता ने दी जान, पति की शराबी हरकतों से थी परेशान, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि घटना गांव के ही एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, वाराणसी मंडल की बैठक में नई ट्रेनों और सुविधाओं पर बनी सहमति

चौकी प्रभारी अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इधर, ग्रामीणों ने मंदिर में पुनः विधि-विधान के साथ शिवलिंग स्थापना कराने तथा दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dynamite News