Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Dividend IT Stocks : आईटी सेक्टर की ये 3 कंपनियां रेगुलर दे रही हैं डिविडेंड, 3 साल में निवेशकों को कितना मिला कैश रिवार्ड

Dividend IT Stocks : आईटी सेक्टर की ये 3 कंपनियां रेगुलर दे रही हैं डिविडेंड, 3 साल में निवेशकों को कितना मिला कैश रिवार्ड

Dividend IT Stocks: शेयर बाजार में आईटी सेक्टर हमेशा से निवेशकों के सबसे पसंदीदा सेक्टर्स में गिना जाता रहा है। हालांकि पिछले कुछ महीनों में वैश्विक आर्थिक सुस्ती, अमेरिका और यूरोप में कमजोर टेक खर्च, ब्याज दरों का दबाव और जियो पॉलिटिकल टेंशन की वजह से आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली।

लेकिन अब तस्वीर धीरे-धीरे बदलती नजर आ रही है। हाल के कारोबारी सत्रों में जहां बाजार के कई सेक्टोरल इंडेक्स दबाव में दिखाई दिए, वहीं आईटी इंडेक्स ने मजबूती का संकेत दिया। हालांकि इस पूरे उतार-चढ़ाव के दौरान भी एक चीज ऐसी रही जिसने आईटी कंपनियों को निवेशकों के बीच फेवरेट बनाए रखा और वह है दमदार डिविडेंड।

किन आईटी स्टॉक्स ने दिया दमदार डिविडेंड?


भारतीय आईटी कंपनियां लगातार मजबूत कैश फ्लो और स्थिर मुनाफे के दम पर निवेशकों को समय-समय पर शानदार डिविडेंड देती रही हैं। यही वजह है कि बाजार में कमजोरी के बावजूद इन कंपनियों का डिविडेंड यील्ड निवेशकों के लिए बड़ा सहारा बना रहा। इस कड़ी में HCL Technologies Limited, Infosys Limited और Tata Consultancy Services Limited जैसे दिग्गज आईटी स्टॉक्स सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।

HCL Tech


HCL Technologies Limited ने लगातार अपने निवेशकों को मजबूत डिविडेंड देकर भरोसा कायम रखा है। FY25 में कंपनी का एडजस्टेड डिविडेंड प्रति शेयर 60 रुपये रहा, जो FY24 के 51 रुपये और FY23 के 48 रुपये से ज्यादा है। सबसे खास बात यह रही कि कंपनी का डिविडेंड पेआउट रेशियो लगातार बढ़ा है। FY25 में यह करीब 93.7 फीसदी तक पहुंच गया, जो बताता है कि कंपनी अपने मुनाफे का बड़ा हिस्सा शेयरधारकों को लौटाने पर फोकस कर रही है। वहीं, अगर डिविडेंड यील्ड की बात करें तो FY25 में यह करीब 5 फीसदी रहा, जो मौजूदा बाजार में काफी आकर्षक माना जाता है।

मार्केट कैप और डिविडेंड हिस्ट्री


करीब 3.18 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली कंपनी का शेयर फिलहाल 1172 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है। कंपनी का ROCE 30.6 फीसदी और ROE 24 फीसदी है, जो इसकी मजबूत ऑपरेशनल कैपेसिटी को दर्शाता है। 25 सितंबर, 2000 के बाद से अब तक इस स्टॉक ने 98 बार डिविडेंड दिया है। पिछले 12 महीने में कंपनी ने 60 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है।

TCS


Tata Consultancy Services Limited लंबे समय से आईटी सेक्टर में सबसे भरोसेमंद डिविडेंड स्टॉक्स में गिनी जाती है। FY25 में कंपनी ने 110 रुपये प्रति शेयर का एडजस्टेड डिविडेंड दिया। हालांकि FY24 में यह आंकड़ा 126 रुपये था, लेकिन कंपनी का लगातार मजबूत कैश जनरेशन इसे निवेशकों की पसंद बनाए रखता है। FY24 में कंपनी का डिविडेंड यील्ड 5.2 फीसदी तक पहुंच गया था, जबकि FY25 में यह करीब 4.5 फीसदी रहा।

यह भी पढ़ें- INOX India को स्पेस सेक्टर से मिला मेगा ऑर्डर, 2 फीसदी तक उछल गया शेयर, 3 महीने में दे चुका है 30% का रिटर्न

मार्केट कैप और डिविडेंड हिस्ट्री


करीब 8.4 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ TCS देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में शामिल है। कंपनी का ROCE 63 फीसदी और ROE 51.8 फीसदी जैसे बेहद मजबूत स्तर पर है, जो इसकी शानदार प्रॉफिटेबिलिटी को दर्शाता है। मौजूदा समय पर स्टॉक 0.18 फीसदी की गिरावट के साथ 2323.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। 28 अक्टूबर, 2004 से अब तक कंपनी ने कुल 94 बार डिविडेंड दिया है। वहीं, पिछले 12 महीनों की बात करें तो इस दौरान कंपनी ने 109 रुपये का पेआउट किया है।

Infosys


Infosys Limited ने भी डिविडेंड फ्रंट पर निवेशकों को निराश नहीं किया है। FY25 में कंपनी का एडजस्टेड डिविडेंड 48 रुपये प्रति शेयर रहा, जबकि FY24 में यह 43 रुपये था। कंपनी का डिविडेंड पेआउट रेशियो लगातार 65 फीसदी से ऊपर बना हुआ है, जो निवेशकों के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है। FY25 में डिविडेंड यील्ड करीब 4.1 फीसदी रही।

मार्केट कैप और डिविडेंड हिस्ट्री


करीब 4.8 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू वाली Infosys का ROCE 40 फीसदी और ROE 31.9 फीसदी है। मौजूदा समय में इन्फोसिस के शेयर 0.84 फीसदी टूटकर 1183.70 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। स्टॉक का 52-वीक हाई स्तर 1728 रुपये और लो स्तर 1089 रुपये है। 25 अक्टूबर, 2000 के बाद से अब तक कंपनी ने 55 बार डिविडेंड दिया है। वहीं, पिछले 12 महीने में कंपनी ने कुल 45 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है।

क्यों पसंद आ रहे हैं डिविडेंड वाले आईटी स्टॉक्स?


बाजार में जब उतार-चढ़ाव बढ़ता है, तब निवेशक ऐसी कंपनियों की तलाश करते हैं जिनके पास मजबूत कैश फ्लो, स्थिर कमाई और नियमित डिविडेंड देने का रिकॉर्ड हो। आईटी सेक्टर की बड़ी कंपनियां इस मोर्चे पर काफी मजबूत मानी जाती हैं। यही वजह है कि कमजोर बाजार के बावजूद HCL Tech, TCS और Infosys जैसे स्टॉक्स निवेशकों के पोर्टफोलियो में लगातार जगह बनाए हुए हैं।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh