Dailyhunt
Earthquake in Delhi : अचानक कांपी दिल्ली-NCR, घरों से बाहर निकले लोग

Earthquake in Delhi : अचानक कांपी दिल्ली-NCR, घरों से बाहर निकले लोग

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में बताया जा रहा है, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.8-5.9 के बीच रही।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक शुक्रवार रात 9 बजकर 42 मिनट 57 सेकेंड पर अफगानिस्तान में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 दर्ज की गई। इसका केंद्र 36.398° उत्तर अक्षांश और 70.878° पूर्व देशांतर पर था, जबकि इसकी गहराई करीब 150 किलोमीटर बताई गई है।



यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 दर्ज की गई। यह झटका शुक्रवार रात स्थानीय समय के अनुसार 9 बजकर 42 मिनट 58 सेकेंड पर आया। भूकंप जमीन से करीब 186.4 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसका केंद्र जुरम शहर से करीब 35 किलोमीटर दक्षिण में बताया गया है।
वहीं जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक अफगानिस्तान में आया यह भूकंप जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसकी वजह से इसके झटके आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए।

भूकंप के कारण दहशत में लोग



दिल्ली में एक शख्स ने बताया कि करीब 15 मिनट पहले भूकंप आया, मैं खाना बना रहा था। मैं पांचवीं मंजिल पर रहता हूं, नीचे आते-आते झटके थम गए थे। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि मैं कमरे में बैठा था, तभी बेड और पंखा हिलता महसूस हुआ। बाहर निकलकर देखा तो आसपास के लोग भी डरे हुए थे।
वहीं दिल्ली एनसीआर से सटे गाजियाबाद के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि बारिश हो रही थी, तभी झटके महसूस हुए। भूकंप ज्यादा बड़ा नहीं था, फिर भी मैं बाहर निकलकर हालात देखने आया। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि झटके लगते ही हम बाहर आ गए, लेकिन घबराने जैसी स्थिति नहीं थी, फिर भी सावधानी जरूरी है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भूकंप के दौरान पंखे हिलते नजर आए।

इन बातों का भी रखें ध्यान

एनसीएस के मुताबिक

भूकंप से पहले क्या करें
घर बनाते समय सुरक्षित और मजबूत निर्माण का ध्यान रखें। अगर बिल्डिंग कमजोर है तो उसे ठीक करवाएं। पहले से तैयारी रखें। पास के अस्पताल और फायर स्टेशन का पता रखें। घर में बिजली और पानी का मेन स्विच कहां है, यह जान लें। भारी सामान और कांच की चीजें नीचे रखें ताकि गिरने का खतरा कम हो।

भूकंप के दौरान क्या करें
घबराएं नहीं, शांत रहें। अगर घर के अंदर हैं तो टेबल, बेड या दरवाजे के नीचे छिप जाएं और खिड़कियों से दूर रहें। जल्दी में बाहर भागने से बचें। अगर बाहर हैं तो बिल्डिंग और बिजली के तारों से दूर खुले में चले जाएं। गाड़ी में हैं तो उसे रोककर अंदर ही रहें। माचिस या आग का इस्तेमाल न करें।

भूकंप के बाद क्या करें
पानी, खाना और फर्स्ट एड का इंतजाम रखें। अफवाहों से बचें और सही जानकारी के लिए टीवी या रेडियो सुनें। घायल लोगों की मदद करें और जरूरत हो तो अस्पताल को सूचना दें। गैस चालू हो तो बंद कर दें और अगर लीकेज का शक हो तो बिजली के स्विच न चलाएं। घर की पाइपलाइन और वायरिंग चेक करें। दरवाजे और अलमारी धीरे-धीरे खोलें क्योंकि सामान गिर सकता है। सबसे जरूरी, आफ्टर इफेक्ट के लिए तैयार रहें।

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh