Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Gold Loan Guide: पहले जान लें ये 5 बातें, नहीं तो फंस जाएंगे

Gold Loan Guide: पहले जान लें ये 5 बातें, नहीं तो फंस जाएंगे

Gold Loan Guide: मुश्किल वक्त में तुरंत पैसों की जरूरत हो, तो गोल्ड लोन कई लोगों के लिए सबसे आसान और तेज विकल्प बन जाता है। ऐसी स्थिति में लोगों के दिमाग में होता है कि बगैर ज्यादा कागजी प्रक्रिया के वह अपने सोने के बदले तुरंत नकदी ले लेंगे।

लेकिन जितना आसान यह विकल्प दिखता है, उतना ही जोखिम भरा भी हो सकता है। अगर आप समय पर लोन नहीं चुका पाए, तो बैंक या वित्तीय संस्थान को आपका सोना नीलाम करने का पूरा अधिकार होता है। ऐसे में गोल्ड लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों (Gold Loan Tips) को समझना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय दुकानों पर न करें भरोसा


सबसे पहली और अहम बात यह है कि गोल्ड लोन लेने के लिए कभी भी किसी स्थानीय ज्वेलरी शॉप या गैर-रजिस्टर्ड दुकानों पर भरोसा न करें। हमेशा बैंक या रजिस्टर्ड NBFC (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) से ही लोन लें। ये संस्थान RBI के नियमों का पालन करते हैं, आपके सोने को सुरक्षित और इंश्योर्ड वॉल्ट में रखते हैं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होती है। इसके उलट, कई प्राइवेट दुकानदार मनमाने ब्याज दर वसूल सकते हैं और सुरक्षा की कोई गारंटी भी नहीं होती।

ब्याज दरों की तुलना अहम


दूसरी बड़ी बात है ब्याज दर। गोल्ड लोन पर ब्याज दरें काफी अलग-अलग हो सकती हैं, जो करीब 7 फीसदी से लेकर 25 से 29 फीसदी तक जा सकती हैं। इसलिए किसी एक जगह पर जल्दबाजी में लोन लेने के बजाय कम से कम 3 से 4 संस्थानों की तुलना जरूर करें। सिर्फ ब्याज ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस, वैल्यूएशन चार्ज, और लेट पेमेंट पेनल्टी जैसी छिपी लागतों को भी ध्यान से समझें, क्योंकि यही चीजें आपके कुल भुगतान को काफी बढ़ा सकती हैं।

गोल्ड लोन रिपेमेंट प्लान


तीसरी जरूरी बात है सही रिपेमेंट प्लान चुनना। गोल्ड लोन में अलग-अलग तरह के भुगतान विकल्प मिलते हैं। आप चाहें तो EMI के जरिए हर महीने मूलधन और ब्याज दोनों चुका सकते हैं। कुछ लोग बुलेट रिपेमेंट चुनते हैं, जिसमें पूरा पैसा एक साथ अंत में चुकाया जाता है। वहीं, एक विकल्प यह भी होता है कि आप हर महीने सिर्फ ब्याज दें और मूलधन बाद में चुकाएं। आपको वही विकल्प चुनना चाहिए जो आपकी इनकम और खर्च के हिसाब से वास्तव में फिट बैठता हो, न कि सिर्फ आसान लगने वाला विकल्प।

कितने समय के लिए लें कर्ज?


चौथी बात, गोल्ड लोन को कभी भी लंबे समय के कर्ज की तरह न लें। आमतौर पर यह 3 से 12 महीने के लिए होता है, हालांकि कुछ संस्थान इसे 2 से 3 साल तक भी बढ़ा देते हैं। लेकिन अगर आप इसे हल्के में लेते हैं और समय पर भुगतान नहीं करते, तो पेनल्टी बढ़ती जाती है और अंत में आपका सोना नीलामी के लिए जा सकता है। इसलिए जितनी जरूरत हो, उतना ही उधार लें और पहले से ही चुकाने की स्पष्ट योजना बनाकर रखें।

यह भी पढ़ें- Mutual Funds SIP Calculator: 1 करोड़ रुपये का फंड, 10 और 15 साल में कितना करना होगा निवेश?

इनका भी रखें ध्यान


इन सभी से इतर, कुछ जरूरी नियम हमेशा ध्यान में रखें। जिस संस्था से लोन ले रहे हैं, उसकी वैलिडिटी जरूर जांचें कि वह RBI में रजिस्टर्ड है या नहीं। अलग-अलग विकल्पों की तुलना करें, पॉलिसी की शर्तों को ध्यान से पढ़ें, और यह भी सुनिश्चित करें कि आपके सोने की शुद्धता सही तरीके से आंकी जा रही है। सबसे अहम बात यह है कि सिर्फ इसलिए ज्यादा लोन न लें क्योंकि आप उसके लिए पात्र हैं।

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh