Goldman Sachs Stock Picks: तिमाही नतीजों के सीजन के बीच ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस Goldman Sachs ने पांच अलग-अलग सेक्टर्स की कंपनियों पर अपनी ताजा रिपोर्ट जारी की है। इन रिपोर्ट्स में हेल्थकेयर, पावर, ऑटो एंसिलरी, आईटी और कंज्यूमर सर्विसेज सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं।
ब्रोकरेज ने कुछ स्टॉक्स पर मजबूत तेजी की संभावना जताई है, जबकि कुछ कंपनियों को लेकर सतर्क लेकिन सकारात्मक रुख बनाए रखा है। खास बात यह रही कि Goldman Sachs ने KIMS और Power Grid जैसे शेयरों में मजबूत अपसाइड की उम्मीद जताई है, वहीं Infosys और Urban Company पर न्यूट्रल रुख रखा है। आइए विस्तार से जानते हैं कि ब्रोकरेज ने किन स्टॉक्स पर क्या राय दी है।
KIMS पर ब्रोकरेज बुलिश, 40% अपसाइड की उम्मीद
Goldman Sachs ने Krishna Institute of Medical Sciences (KIMS) पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और शेयर के लिए 1,025 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी के Q4 नतीजे मजबूत रहे। चौथी तिमाही में कंपनी की बिक्री में 35 फीसदी सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि EBITDA में 4 फीसदी की ग्रोथ रही। मार्जिन भी अनुमान से थोड़ा बेहतर रहते हुए 19.2 फीसदी पर पहुंचा। रिपोर्ट में कहा गया कि FY25 से FY28 के दौरान कंपनी लगभग 30 फीसदी टॉपलाइन CAGR दर्ज कर सकती है।
इसके अलावा फिलहाल घाटे में चल रही यूनिट्स के आने वाले समय में प्रॉफिटेबल बनने की उम्मीद जताई गई है। Goldman Sachs का मानना है कि स्टॉक में यहां से करीब 40 फीसदी तक अपसाइड की संभावना मौजूद है।
Power Grid पर क्या है ब्रोकरेज कॉल?
ब्रोकरेज ने Power Grid Corporation पर भी 'Buy' रेटिंग बनाए रखी है और 380 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का Q4 PAT बाजार के अनुमान से करीब 16 फीसदी बेहतर रहा। FY26 के लिए कंपनी का कैपेक्स 53 फीसदी बढ़कर 399 अरब रुपये तक पहुंच गया है। वहीं FY26 की कैपिटलाइजेशन 293 अरब रुपये रही, जो गाइडेंस से अधिक है। Goldman Sachs ने कहा कि कंपनी के पास 1.7 ट्रिलियन रुपये का मजबूत वर्क-इन-हैंड ऑर्डर बुक मौजूद है।
मैनेजमेंट ने FY27 और FY28 के लिए क्रमशः 370 अरब और 450 अरब रुपये के कैपेक्स का संकेत दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले वर्षों में कैपिटलाइजेशन बढ़ने से कंपनी की अर्निंग ग्रोथ मजबूत रह सकती है।
Uno Minda पर टारगेट घटाया
ऑटो कंपोनेंट सेक्टर की कंपनी Uno Minda पर Goldman Sachs ने टारगेट प्राइस घटाकर 1,440 रुपये कर दिया है, जो पहले 1,500 रुपये था। हालांकि ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि कंपनी की Q4 आय और EBITDA अनुमान के मुताबिक रहे। रिपोर्ट में बताया गया कि कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में तेजी से निवेश बढ़ा रही है, क्योंकि ग्राहकों की मांग मजबूत बनी हुई है। कंपनी संभाजीनगर में नई EV कास्टिंग और पावरट्रेन फैसिलिटी स्थापित करने की तैयारी में है। इसके अलावा कंपनी को IVI और CV सेगमेंट में नए ऑर्डर मिले हैं, जिनकी संभावित पीक रेवेन्यू कैपेसिटी क्रमशः 6 अरब और 3.9 अरब रुपये बताई गई है।
Infosys पर 'Neutral' रेटिंग
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Infosys पर Goldman Sachs ने 'Neutral' रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,290 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि मैनेजमेंट ने Discretionary Spending Environment को अभी भी कमजोर बताया है, यानी कंपनियां टेक खर्च को लेकर सतर्क बनी हुई हैं। हालांकि BFSI और EURS वर्टिकल्स में मजबूती देखने को मिल रही है और कंपनी लगातार बड़े डील जीत रही है। Goldman Sachs का मानना है कि AI टेक्नोलॉजी Infosys के लिए अवसर और जोखिम दोनों लेकर आ रही है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि Infosys को फ्रंटियर AI मॉडल कंपनियों के साथ पार्टनरशिप के नए अवसर मिल सकते हैं, जिससे भविष्य में नई ग्रोथ संभावनाएं खुल सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Paytm Share में फिर बन रहा तगड़ी कमाई का मौका? 2 ब्रोकरेज हुए बुलिश, दिया 300 रुपये तक मुनाफे वाला टारगेट
Urban Company पर न्यूट्रल रुख
कंज्यूमर सर्विस प्लेटफॉर्म Urban Company पर Goldman Sachs ने 'Neutral' रेटिंग बनाए रखी है और 140 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का कोर सर्विसेज बिजनेस मजबूत ग्रोथ दिखा रहा है। कंपनी के पोर्टफोलियो का लगभग एक-तिहाई हिस्सा 8 फीसदी EBITDA मार्जिन के साथ ऑपरेट कर रहा है। रिपोर्ट में InstaHelp बिजनेस की तेजी से बढ़ती स्केलिंग का भी जिक्र किया गया, हालांकि इससे निकट अवधि में प्रॉफिटेबिलिटी पर दबाव पड़ सकता है।
साथ ही इंटरनेशनल बिजनेस के मार्जिन भी धीरे-धीरे भारत के मार्जिन स्तर के करीब आने की संभावना जताई गई है।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।
Read more news like this on hindi.etnownews.com

