नौकरी करते-करते कई साल बीत जाते हैं, लेकिन जब बात ग्रेच्युटी की आती है तो ज्यादातर लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं कि आखिर उन्हें कितना पैसा मिलेगा। खासकर तब, जब नौकरी 10 साल से ज्यादा हो चुकी हो।
अगर आपकी भी बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है और आपने 10 साल 7 महीने तक एक ही कंपनी में काम किया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। यहां हम आसान उदाहरण के जरिए पूरा कैलकुलेशन समझा रहे हैं, जिससे आप अपनी ग्रेच्युटी का अंदाजा खुद लगा सकते हैं।
क्या होती है ग्रेच्युटी?
ग्रेच्युटी एक तरह का फाइनेंशियल रिवॉर्ड है, जो कंपनी अपने कर्मचारी को लंबे समय तक सर्विस देने के बदले देती है। मौजूदा नियमों के अनुसार, अगर कोई कर्मचारी किसी कंपनी में कम से कम 5 साल तक काम करता है, तो वह ग्रेच्युटी पाने का हकदार होता है। हालांकि, नए लेबर कोड (New Labour Code) में इस अवधि को घटाकर 1 साल कर दिया गया है। यानी कर्मचारी अब कंपनी में एक साल की नौकरी पूरी करने के बाद ही कर्मचारी ग्रेच्युटी के लिए हकदार हो सकते हैं।
कैसे करें ग्रेच्युटी का कैलकुलेशन?
आपको कितनी ग्रेच्युटी मिलेगी, यह आपकी अंतिम बेसिक सैलरी और कंपनी में की गई कुल सर्विस अवधि पर निर्भर करता है। ग्रेच्युटी कानून (Payment of Gratuity Act, 1972) के अनुसार, यदि किसी कर्मचारी की सेवा अवधि में अंतिम वर्ष में 6 महीने से अधिक समय (यानी 6 महीने प्लस 1 दिन या उससे ज्यादा) शामिल होता है, तो उसे पूरे एक साल के रूप में गिना जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति 10 साल 7 महीने तक किसी संस्थान में काम करता है, तो उसे 11 साल माना जाएगा और ग्रेच्युटी का कैलकुलेशन भी इसी आधार पर होगा। वहीं, अगर सेवा अवधि 10 साल 5 महीने है, तो इसे 10 साल ही माना जाएगा।
आइए अब एक नजर डालते हैं ग्रेच्युटी कैलकुलेशन पर
मान लीजिए आपकी अंतिम बेसिक सैलरी अभी 50,000 रुपये है।
- ग्रेच्युटी की रकम = (अंतिम सैलरी) x (15/26) x (कंपनी में कितने साल काम किया).
ग्रेच्युटी के कैलकुलेशन में महीने के 26 कार्य दिवस माने जाते हैं (यानी 4 दिन की छुट्टी अलग रखी जाती है)। साथ ही, हर साल के लिए 15 दिन की सैलरी के आधार पर ग्रेच्युटी निकाली जाती है। इसी फॉर्मूले में ऊपर दिए गए उदाहरण को रखें, तो कैलकुलेशन इस तरह होगा
- कुल ग्रेच्युटी की राशि = (50,000) x (15/26) x (11) = 317,307.69 रुपये यानी करीब 3 लाख 17 हजार रुपये
इसका मतलब है कि अगर किसी कर्मचारी की अंतिम बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है और उसने 11 साल तक नौकरी की है, तो उसकी ग्रेच्युटी लगभग 3 लाख 17 हजार रुपये बनती है।
किन कर्मचारियों को मिलता है फायदा?
ग्रेच्युटी पेमेंट एक्ट 1972 के तहत
- जिन संस्थानों में 10 या उससे ज्यादा कर्मचारी हैं
- वहां काम करने वाले सभी कर्मचारी इस लाभ के पात्र होते हैं
- नौकरी छोड़ने, रिटायरमेंट या कुछ मामलों में बीमारी या दुर्घटना पर भी ग्रेच्युटी मिल सकती है
Read more news like this on hindi.etnownews.com

