नया वित्त वर्ष अपने साथ कई अहम बदलाव लेकर आ रहा है। 1 अप्रैल 2026 से ATM का इस्तेमाल थोड़ा महंगा पड़ सकता है, खासकर अगर आप तय फ्री लिमिट से ज्यादा ट्रांजैक्शन करते हैं। दरअसल, देश के कई बड़े बैंक जैसे एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और बंधन बैंक (Bandhan Bank) ने ATM से पैसे निकालने के नियम, चार्ज और लिमिट में बदलाव का ऐलान किया है।
ये नए नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। नए वित्त वर्ष से लागू हो रहे इन नियमों की पूरी जानकारी आप नीचे बैंकवार विस्तार से देख सकते हैं।
HDFC Bank ने बदले ATM से पैसे निकालने के नियम
प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक HDFC Bank ने UPI के जरिए ATM से कैश निकालने के नियमों में अहम बदलाव का ऐलान किया है। बैंक ने ग्राहकों को ईमेल भेजकर बताया है कि ATM से UPI कैश निकासी के नियम बदले जा रहे हैं और नया प्रावधान 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। इसके तहत ATM पर किए गए UPI कैश विड्रॉल अब आपकी मासिक फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट में गिने जाएंगे। यानी पहले की तरह यह सुविधा अलग से मुफ्त नहीं रहेगी।
यदि आपकी फ्री लिमिट खत्म हो जाती है, तो उसके बाद हर कैश निकासी पर 23 रुपये प्लस लागू टैक्स देना होगा। HDFC बैंक का कहना है कि यह कदम ट्रांजैक्शन चार्ज को अधिक पारदर्शी और एक समान बनाने के लिए उठाया गया है। ऐसे में ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे अपनी मासिक फ्री ATM लिमिट पर नजर रखें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके।
Bandhan Bank के अपडेटेड नियम
बंधन बैंक 1 अप्रैल 2026 से डेबिट कार्ड यूजर्स के लिए फ्री ATM ट्रांजैक्शन के नियम बदलने जा रहा है। नए नियमों के मुताबिक, ग्राहक बैंक के ATM पर हर महीने अधिकतम 5 फ्री फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन (यानी पैसे निकालना आदि) कर सकेंगे, जबकि नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन (जैसे बैलेंस चेक) अनलिमिटेड रहेंगे। हालांकि, अगर आप दूसरे बैंकों के ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट कम होगी। मेट्रो शहरों में सिर्फ 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसमें फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल, दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल होंगे।
कुछ कार्ड्स पर बंधन बैंक अपने ATM पर अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा देता रहेगा, लेकिन दूसरे बैंकों के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या आपके अकाउंट टाइप पर निर्भर करेगी। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद हर फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 10 रुपये चार्ज देना होगा। वहीं, अगर खाते में पैसे कम होने की वजह से ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, तो 25 रुपये का अलग से शुल्क लगेगा। मेट्रो शहरों में बेंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और दिल्ली शामिल हैं। इनके अलावा बाकी सभी शहर नॉन-मेट्रो माने जाएंगे।
पंजाब नेशनल बैंक ने भी बदलाव का किया है ऐलान
पंजाब नेशनल बैंक ने अपने कुछ डेबिट कार्ड्स पर रोजाना ATM से पैसे निकालने की लिमिट में बदलाव किया है। बैंक के मुताबिक, ये नए नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगे। नए नियमों के तहत, कई डेबिट कार्ड्स पर रोजाना कैश निकालने की सीमा घटाकर 1 लाख रुपये से 50,000 रुपये कर दी गई है। इसमें RuPay NCMC प्लेटिनम (डोमेस्टिक और इंटरनेशनल), रुपे वुमेन पावर प्लेटिन (RuPay Women Power Platinum), पीएनबी पलाश (PNB Palaash - Recycled PVC), RuPay Business Platinum, MasterCard Platinum, VISA Gold और PNB MasterCard Platinum Rise जैसे कार्ड शामिल हैं। वहीं, कुछ प्रीमियम कार्ड्स जैसे RuPay Select, PNB RuPay Select Neo, PNB RuPay Select Excel, VISA Signature और MasterCard Business डेबिट कार्ड पर भी लिमिट कम कर दी गई है। इन कार्ड्स के लिए पहले जहां रोजाना 1.5 लाख रुपये तक निकासी की सुविधा थी, अब इसे घटाकर 75,000 रुपये कर दिया गया है।
Read more news like this on hindi.etnownews.com

