लाडकी बहिण योजना से जुड़ी 2.43 करोड़ महिलाओं के लिए काम की खबर है। योजना में ई-केवाईसी कराने की आज यानी 30 अप्रैल आखिरी तारीख है। जिन लाभार्थियों ने अब तक यह जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे तुरंत इसे निपटा लें, वरना हर महीने खाते में मिलने वाली 1500 रुपये की किस्त रुक सकती है।
साथ ही, जिन महिलाओं ने ई-केवाईसी तो कर ली है लेकिन जानकारी देने में कोई गलती रह गई है, वे भी समय रहते सुधार कर लें। महाराष्ट्र सरकार ने ऐसी महिला लाभार्थियों के लिए भी सुधार का मौका दिया है।
महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने 12 अप्रैल को दिए अपने बयान में बताया था कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना के तहत ई-केवाईसी कराने के नाम पर कुछ महिलाओं के साथ ठगी के मामले सामने आए हैं। इसे लेकर उन्होंने योजना से जुड़ी महिला लाभार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी थी और कहा था कि किसी भी लालच या झांसे में न आएं।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल इस योजना में नई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद कर दी गई है। हालांकि, जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी के दौरान कोई गलती रह गई है, उन्हें सुधार करने के लिए 30 अप्रैल तक का समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी बिचौलिए की जरूरत नहीं है। महिलाएं खुद अपने मोबाइल के जरिए ई-केवाईसी कर सकती हैं या फिर नजदीकी आंगनवाड़ी सेविका की मदद ले सकती हैं।
Ladki Bahin Yojana : eKYC वरीफिकेशन कैसे करें
- मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना के e-KYC के लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट ladakibahin.maharashtra.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर नजर आ रहे e-KYC विकल्प पर क्लिक करें। ऐसे करने पर एक नया e-KYC फॉर्म खुलेगा।
- फॉर्म में लाभार्थी अपना आधार नंबर और सिक्योरिटी कैप्चा कोड भरे। इसके बाद आधार वेरीफिकेशन के लिए अपनी सहमति देते हुए Send OTP पर क्लिक करें। फिर आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे भरकर Submit बटन दबाएं।
- इसके बाद सिस्टम जांच करेगा कि e-KYC पहले से पूरी है या नहीं।
- अगर e-KYC पहले से पूरी है, तो "e-KYC पहले ही पूरी हो चुकी है" का नोटिफिकेशन दिखेगा।
- अगर पूरी नहीं है, तो यह जांच होगी कि आधार नंबर योजना की पात्र सूची में है या नहीं।
- अगर आधार नंबर पात्र सूची में मिलता है, तो आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
- अगले चरण में लाभार्थी को पति या पिता का आधार नंबर और कैप्चा कोड भरना होगा। फिर सहमति देकर Send OTP पर क्लिक करें और मिले हुए OTP को दर्ज कर Submit करें।
- इसके बाद लाभार्थी को अपना जाति वर्ग (Category) चुनना होगा और नीचे दिए गए घोषणाओं (Declaration) को स्वीकार करना होगा:
- परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में कार्यरत नहीं है या पेंशन नहीं ले रहा है।
- परिवार से केवल 1 विवाहित और 1 अविवाहित महिला ही इस योजना का लाभ ले रही है।
- इन सभी बिंदुओं पर टिक करके Submit करें।
- अंत में स्क्रीन पर Success - आपकी e-KYC सफलतापूर्वक पूरी हो गई है - का नोटिफिकेशन नजर आएगा।
क्या है लाडकी बहीण योजना?
योजना के तहत आखिरी यानी फरवरी महीने की किस्त मार्च के आखिर में जारी की गई थी। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी थी कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना के तहत फरवरी की सम्मान राशि जारी करने की प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू हुई। उन्होंने बताया था कि योजना की सभी पात्र महिला लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में यह रकम अगले 2-3 दिनों में जमा कर दी जाएगी। महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि राज्य की महिलाओं के भरोसे के दम पर यह योजना आगे भी इसी तरह मजबूती से चलती रहेगी।
Read more news like this on hindi.etnownews.com

