Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Paytm Block Deal: ₹964 करोड़ की ब्लॉक डील में Societe Generale बना सबसे बड़ा खरीदार, भारतीय MFs ने भी लगाया दांव

Paytm Block Deal: ₹964 करोड़ की ब्लॉक डील में Societe Generale बना सबसे बड़ा खरीदार, भारतीय MFs ने भी लगाया दांव

Paytm Block Deal: डिजिटल पेमेंट्स की दिग्गज कंपनी पेटीएम की पेरेंट कंपनी One 97 Communications में शुक्रवार को 964 करोड़ रुपये की ब्लॉक डील पूरी हुई, जिसमें कंपनी के शेयरों को लेकर संस्थागत निवेशकों के बीच होड़ मची।

इस बड़ी डील के दौरान जहां पेटीएम के कुछ शुरुआती और पुराने बड़े विदेशी निवेशकों ने मुनाफावसूली करते हुए अपनी हिस्सेदारी कम की, वहीं कई दिग्गज वैश्विक फंड्स और भारतीय म्यूचुअल फंड्स ने कंपनी के बिजनेस मॉडल पर दोबारा बड़ा भरोसा जताते हुए भारी खरीदारी की।

हालांकि, इस मेगा ब्लॉक डील के चलते बाजार में बिकवाली का दबाव भी दिखा, जिसकी वजह से पेटीएम का स्टॉक साढ़े 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 1112 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। एक्सचेंज से मिले आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, यह पूरा लेन-देन 1120.65 रुपये प्रति शेयर के तय भाव पर हुआ है।

कौन बना सबसे बड़ा खरीदार?

एक्सचेंज से मिले ब्लॉक डील आंकड़ों के अनुसार, इसमें फ्रांस की दिग्गज वित्तीय सेवा कंपनी Societe Generale सबसे बड़ी अकेली खरीदार बनकर उभरी। सोसायटी जेनरल ने करीब 211.46 करोड़ रुपये की कीमत पर पेटीएम के 18.87 लाख शेयर अपने पोर्टफोलियो में शामिल किए। इसके अलावा, वैश्विक हेज फंड्स Ghisallo Master Fund LP और Viridian Asia Opportunities Master Fund ने भी कंपनी में बड़ी दिलचस्पी दिखाई।

इन दोनों फंड्स ने अलग-अलग ही सही, लेकिन कुल 12.8 लाख शेयर खरीदे, जिनमें से प्रत्येक डील की कीमत लगभग 143.44 करोड़ रुपये रही। अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खरीदारों में BNP Paribas Arbitrage, Goldman Sachs, Citigroup और Copthall Mauritius Investment जैसे नाम शामिल रहे।

भारतीय म्यूचुअल फंड्स ने भी लगाया बड़ा दांव

घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने भी इस ब्लॉक डील में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारत के प्रमुख फंड हाउस Nippon India Mutual Fund ने 124.5 करोड़ रुपये के 11.11 लाख शेयर खरीदे।

इसके साथ ही, Sundaram Mutual Fund ने 33.62 करोड़ रुपये में 3 लाख शेयर और Edelweiss Mutual Fund ने करीब 37.5 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर पेटीएम में अपनी स्थिति मजबूत की।

पुराने निवेशकों ने बेची हिस्सेदारी

इस बड़ी ब्लॉक डील के दौरान पेटीएम के शुरुआती और मौजूदा शेयरहोल्डर्स ने अपनी हिस्सेदारी कम की। इनमें SAIF Partners की सहयोगी कंपनियां - Saif Partners India IV Limited और Saif III Mauritius Company Limited और Elevation Capital शामिल हैं। मार्च तिमाही के अंत तक सैफ पार्टनर्स की एक सहयोगी कंपनी के पास पेटीएम में 4 फीसदी (2.56 करोड़ शेयर) और दूसरी के पास 9.43 फीसदी (6 करोड़ से ज्यादा शेयर) हिस्सेदारी थी, जिसमें से अब कुछ हिस्सा बेचा गया है।

(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh