काला सागर क्षेत्र के संवेदनशील इलाके क्रीमिया में एक बार फिर सैन्य विमान हादसे ने हलचल बढ़ा दी है। शुक्रवार को रूस का एडवांस फाइटर जेट Su-30 ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हालांकि, इस हादसे में राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट समय रहते इजेक्ट कर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे और उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने यह जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक रूसी रक्षा मंत्रालय ने हादसे के वक्त फाइटर जेट बिना किसी हथियार या गोला-बारूद के उड़ान भर रहा था। दुर्घटना के तुरंत बाद जमीनी स्तर पर मौजूद सर्च और रेस्क्यू टीम ने दोनों पायलटों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। हालांकि, इस हादसे की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है और जांच जारी है। क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बेहद शक्तिशाली माना जाता है Su-30
Su-30 को दुनिया के सबसे उन्नत और मल्टीरोल फाइटर जेट्स में गिना जाता है, जो हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमले करने में सक्षम है। ऐसे में ट्रेनिंग के दौरान इस तरह का हादसा सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं पर सवाल खड़े करता है, भले ही इस बार बड़ा नुकसान टल गया हो।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
इससे पहले 31 मार्च को क्रीमिया में एक An-26 सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में चालक दल के 6 सदस्यों समेत 23 यात्रियों की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, यह विमान क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर निर्धारित उड़ान पर था, लेकिन मंगलवार शाम करीब 6 बजे सेना का इससे संपर्क टूट गया।
रूसी समाचार एजेंसी 'इंटरफैक्स' ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। वहीं, 'तास' और 'आरआईए नोवोस्ती' की रिपोर्ट्स के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद सूत्रों का कहना है कि विमान एक चट्टान से टकराकर क्रैश हुआ। बता दें कि An-26 सोवियत दौर में डिजाइन किया गया एक सैन्य परिवहन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सैनिकों और सामान के परिवहन के लिए किया जाता है।
(Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है, न कि निवेश की सलाह है। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार भी नहीं हैं। अपने पाठकों और दर्शकों को ET NOW Swadesh पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है। )
Read more news like this on hindi.etnownews.com

