Dailyhunt
शेयर मार्केट में तेजी के बीच ये 2 PSU Stock हुए धड़ाम, अमेरिका से आई खबर से 4% तक टूटा शेयर

शेयर मार्केट में तेजी के बीच ये 2 PSU Stock हुए धड़ाम, अमेरिका से आई खबर से 4% तक टूटा शेयर

PSU Stocks: अमेरिका-ईरान युद्ध में 14 दिन के सीजफायर ऐलान के बाद बुधवार को शेयर मार्केट में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स में 2900 से ज्यादा अंकों की तेजी देखने को मिली और निफ्टी भी 24000 के पार चला गया।

हालांकि, इस तूफानी तेजी PSU स्टॉक्स दबाव में आ गए। खासतौर पर Oil and Natural Gas Corporation (ONGC) और Oil India Limited के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज गिरावट का सीधा असर इन कंपनियों पर पड़ा, जिससे इनके शेयर 3-4% तक टूट गए।

क्यों गिरे ONGC और Oil India के शेयर?


दरअसल, ONGC और Oil India जैसी कंपनियां अपस्ट्रीम ऑयल कंपनियां हैं, जो तेल की खोज और उत्पादन का काम करती हैं। इनका बिजनेस सीधे तौर पर कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करता है। जब तेल की कीमतें गिरती हैं, तो प्रति बैरल मिलने वाला रेवेन्यू भी घट जाता है, जिससे इन कंपनियों के मुनाफे पर दबाव आता है।

बुधवार सुबह ONGC का शेयर करीब 4.11% तक गिर गया, जबकि Oil India में भी 4.02% की कमजोरी देखी गई। हालांकि बाजार में कुल मिलाकर तेजी बनी रही और BSE Sensex करीब 3.37% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था, फिर भी ये दोनों स्टॉक्स अंडरपरफॉर्म करते नजर आए।

$100 के नीचे आया कच्चा तेल


तेल की कीमतों में यह गिरावट अचानक नहीं आई। Donald Trump के उस ऐलान के बाद बाजार में बड़ा मूव आया, जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर की बात कही गई। इसके साथ ही Strait of Hormuz को सुरक्षित तरीके से खोलने की संभावना बनी, जिससे सप्लाई को लेकर चिंता कम हो गई।

इसी के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 13-15% गिरकर $94 के आसपास आ गई, जबकि WTI क्रूड भी $96 के करीब पहुंच गया। तेल का $100 के नीचे आना बाजार के लिए बड़ा ट्रिगर साबित हुआ।

ईरान के संकेत से बदला सेंटीमेंट


रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने संकेत दिए हैं कि अगर उस पर हमले रोके जाते हैं, तो वह भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक सकता है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य से दो हफ्ते तक सुरक्षित आवाजाही की अनुमति देने की बात भी सामने आई है। इससे ग्लोबल मार्केट में राहत का माहौल बना और तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई।

डाउनस्ट्रीम कंपनियों में जोरदार तेजी


जहां अपस्ट्रीम कंपनियों के शेयर दबाव में रहे, वहीं डाउनस्ट्रीम कंपनियों को इस गिरावट का फायदा मिला। Reliance Industries, Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL), Indian Oil Corporation (IOCL) और Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) के शेयरों में 2% से लेकर 9% तक की तेजी देखने को मिली।

दरअसल, इन कंपनियों के लिए कच्चा तेल एक इनपुट कॉस्ट होता है। जब तेल सस्ता होता है, तो उनकी लागत घटती है और मार्जिन बेहतर होता है। यही वजह है कि HPCL, IOCL और BPCL के शेयरों में क्रमशः करीब 7%, 6% और 9% तक की तेजी आई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज भी 2% से ज्यादा चढ़ गया।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh