Suzlon Share Price: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Suzlon Energy को एक और बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि उसे Sunsure Energy से 195 मेगावॉट का रिपीट ऑर्डर मिला है।
इस नए सौदे के साथ Suzlon के 3MW प्लेटफॉर्म की कुल बिक्री करीब 9 गीगावॉट तक पहुंच गई है। कंपनी के लिए यह सिर्फ एक नया ऑर्डर नहीं, बल्कि उसकी तकनीक और बाजार में बढ़ते भरोसे का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
ऑर्डर की खबर के बाद Suzlon Energy का शेयर शुक्रवार को इंट्राडे कारोबार में 0.89% की तेजी के साथ 53.36 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा।
Sunsure Energy के साथ साझेदारी हुई और मजबूत
यह ऑर्डर Suzlon और Sunsure Energy के बीच पहले से चल रही साझेदारी को और मजबूत करता है। इस नए सौदे के बाद दोनों कंपनियों के बीच कुल साझेदारी लगभग 300 मेगावॉट तक पहुंच गई है, जो महाराष्ट्र और कर्नाटक में फैली हुई है।
कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में यह साझेदारी और बढ़ सकती है। यह Suzlon के लिए खास इसलिए भी है क्योंकि यह कंपनी के बिजनेस मॉडल की स्थिरता और ग्राहकों के दोबारा भरोसा जताने का संकेत देता है।
कर्नाटक बना Suzlon का मजबूत गढ़
इस ऑर्डर के साथ कर्नाटक में Suzlon की ऑर्डर बुक 2 गीगावॉट के आंकड़े को पार कर गई है। यह राज्य भारत के सबसे बड़े विंड एनर्जी बाजारों में गिना जाता है।
फिलहाल कर्नाटक में Suzlon का इंस्टॉल्ड बेस 1,500 मेगावॉट है, जो दक्षिण भारत में कंपनी की कुल स्थापित क्षमता का करीब 24% हिस्सा है। इससे साफ है कि कंपनी दक्षिण भारत में लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
अत्याधुनिक टरबाइन लगाएगी कंपनी
इस प्रोजेक्ट के तहत Suzlon 65 आधुनिक S144 विंड टर्बाइन जनरेटर लगाएगी, जिनमें हर एक की क्षमता 3 मेगावॉट होगी। कंपनी न सिर्फ टर्बाइन सप्लाई करेगी, बल्कि प्रोजेक्ट की स्थापना और कमीशनिंग भी करेगी।
इसके अलावा कमीशनिंग के बाद Suzlon लंबे समय तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस सेवाएं भी देगी। इससे कंपनी को रेकरिंग रेवेन्यू का फायदा मिलेगा, जो निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत है।
मैनेजमेंट का भरोसा बढ़ा
Sunsure Energy के CEO शशांक शर्मा ने कहा कि भविष्य की क्लीन एनर्जी वही होगी, जो जरूरत के समय भरोसेमंद बिजली दे सके। वहीं Suzlon Group के CEO अजय कपूर ने कहा कि Sunsure के साथ करीब 300 मेगावॉट की साझेदारी कंपनी की क्वालिटी, मजबूत निष्पादन क्षमता और भरोसेमंद सपोर्ट सिस्टम का नतीजा है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।
Read more news like this on hindi.etnownews.com

