Dailyhunt
Women Tax Saving Schemes: टैक्स में राहत, निवेश में गुड‍ रिटर्न! महिलाओं के लिए ये हैं खास योजनाएं

Women Tax Saving Schemes: टैक्स में राहत, निवेश में गुड‍ रिटर्न! महिलाओं के लिए ये हैं खास योजनाएं

Women Tax Saving Schemes: देश की आधी आबादी यानी महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र में आगे हैं। चाहे नौकरी हो बिजनेस या अन्‍य काम। हर क्षेत्र में महिलाएं बेहतर काम कर रहीं हैं। इन सबके बावजूद कई महिलाओं में आज भी फाइनेंस लिटरेसी की कमी है।

ऐसे में कैसे थोड़ा सजग होकर महिलाएं बेहतर कर सकतीं हैं। नौकरी या कारोबार के बीच कई बातों को ध्‍यान में रखकर टैक्‍स सेविंग्‍स भी कर सकती हैं।जहां पहले महिलाओं को ध्‍यान में रखते हुए अलग टैक्स स्लैब था। यहां उन्हें पुरुषों के मुकाबले ज्यादा छूट मिलती थी।अब तस्‍वीर बदल गई है। यानी टैक्स स्लैब में जेंडर के आधार पर कोई रियायत नहीं है।आज हम आपको कुछ ऐसी खास स्‍कीम्‍स (Women Tax Saving Schemes) के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनमें निवेश (Investment) करके महिलाओं को गुड रिटर्न मिल सकता है, बल्कि टैक्‍स में भी राहत मिलती है।

Women Tax Saving Schemes: सुकन्‍या समृद्धि योजना (SSY)


इस स्‍कीम को केंद्र सरकार ने बेटियों को आगे बढ़ाने के मकसद से ही बनाया है। अगर आप किसी बच्ची की मां हैं, जिसकी उम्र 10 साल से कम हैं, तो आप इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। इस स्कीम के तहत आप किसी पोस्ट ऑफिस या बैंक में 250 रुपये में अकाउंट खुलवा सकती हैं। इसमें सालभर में अधिकतम डेढ़ लाख रुपये जमा किया जा सकता है।

इस निवेश पर टैक्स छूट भी मिलती है। लेटेस्‍ट अपडेट के अनुसार, केंद्र सरकार ने हाल ही में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मिलने वाले रिटर्न की ब्याज दरों में इजाफा किया है। जहां पहले इस योजना में 7.6 प्रतिशत का रिटर्न मिलता था लेकिन 1 अप्रैल से इस योजना में 8 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। स योजना के तहत सिर्फ दो बेटियों का अकाउंट खुलवाया जा सकता है। हालांकि, अगर परिवार में पहले से एक बेटी है और फिर जुड़वां या इससे ज्यादा बच्चियों का जन्म एकसाथ होता है, तो वे भी योजना की लाभार्थी बन सकती हैं। अगर आपने बेटी गोद ले रखी है, तो भी उसका सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Scheme) के तहत अकाउंट खुलवा सकते हैं। इस स्‍कीम में आपको बेहतर रिटर्न के साथ टैक्‍स में बचत का लाभ भी मिलता है।

Women Tax Saving Schemes: LIC की आधारशिला पॉलिसी

LIC की आधारशिला पॉलिसी (LIC Aadhaar Shila Plan) भी महिलाओं के लिए शानदार योजना है। यह नॉन-लिंक्ड पर्सनल लाइफ इंश्योरेंस स्कीम है। इसमें 8 साल की बच्ची से लेकर 55 साल तक की महिला ही निवेश कर सकती हैं। इस पॉलिसी का टर्म कम से कम 10 और अधिकतम 20 साल के लिए होता है। स्कीम के तहत महिलाओं को लोन बेनिफिट भी मिलता है। इसमें निवेश करने पर मैच्योरिटी पर फिक्स्ड अमाउंट मिलता है। दूसरी तरफ पॉलिसी मैच्योर होने से पहले निवेशक की मृत्यु हो जाती है, तो परिवार को आर्थिक मदद भी मिलती है। इस सूरत में LIC नॉमिनी को बेसिक सम एश्योर्ड के रूप में कम से कम 75,000 रुपये देती है। वहीं, अधिकतम 3 लाख रुपये तक मिल सकते हैं।

Women Tax Saving Schemes: राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र

राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र भी महिलाओं के लिए टैक्‍स सेविंग्‍स का बेहतर उपाय है। ये भारत सरकार की एक सुरक्षित टैक्स बचत स्‍कीम है। ऐसे में जो भी सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं, उनके लिए यह योजना बेहद फायदेमंद साबित होती है। ये स्‍कीम महिलाओं के लिए आकर्षक निवेश ऑप्‍शन है। यह सरकारी योजना होने के कारण बेहद सुरक्षित निवेश योजना है। इस योजना में निवेश करने से आपको 1 लाख से अधिक पर टैक्स छूट मिलती है। ब्याज दर वर्तमान में 7% के आसपास होती है (यह समय-समय पर बदल सकती है)। यह उन महिलाओं के लिए आदर्श है जो जोखिम से बचना चाहती हैं और निश्चित रिटर्न चाहती हैं। इसमें केवल 100 रुपए से इस योजना की शुरुआत कर सकती हैं। साथ ही निवेश की यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सरल होती है। इसमें निवेश की 5 साल तक की लॉक इन अवधि है।

Women Tax Saving Schemes: स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम में टैक्स में फायदा

भारतीय आयकर कानून के तहत, स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर टैक्स में छूट दी जाती है। जिससे महिलाओं को इस निवेश से दोहरे लाभ मिलते हैं। एक तरफ सेहत पर सुरक्षा कवच मिलता है और दूसरा टैक्स पर भी छूट मिलती है। भारतीय आयकर अधिनियम की धारा 80 डी के तहत आप अपने और अपने परिवार के सेहत बीमा पर प्रीमियम पर टैक्स में छूट पा सकती हैं। यदि आप की उम्र 18 साल से अधिक है तो इस बीमा पर 25 हजार तक की छूट प्राप्त कर सकती हैं। यदि आपकी उम्र 60 साल से अधिक है, तो आपको 50 हजार तक की छूट मिल सकती है। यहां अगर आप स्वास्थ्य बीमा का प्रीमियम नकद, चेक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या किसी अन्य माध्यम से भुगतान करती हैं, तो आपको टैक्स में छूट मिलती है। नौकरीपेशा महिलाएं भी इससे काफी लाभ उठा सकती हैं।

Read more news like this on hindi.etnownews.com

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: ET Now Swadesh