Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

बिहार में बालू माफिया का दुस्साहस: SHO और PSI को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, अवैध खनन रोकने पहुंची थी पुलिस

Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। मधेपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक ने थानाध्यक्ष और एक पीएसआई को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश की।

दोनों पुलिस अधिकारी इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन घायल हो गए।

घटना पौनी ढलान स्थित भुतही बलान नदी के किनारे की है, जहां मधेपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार और पीएसआई प्रिंस कुमार चौधरी पुलिस टीम के साथ अवैध बालू खनन रोकने पहुंचे थे। गश्ती के दौरान पुलिस ने देखा कि नदी किनारे ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लोड किया जा रहा था।

पुलिस को देखते ही बालू लोड कर रहे मजदूर कुदाल छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहीं, ट्रैक्टर मालिक एवं चालक तरडीहा निवासी 55 वर्षीय महमूद आलम बालू अनलोड करने लगा। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने ट्रैक्टर अधिकारियों की ओर दौड़ा दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष के पैर पर ट्रैक्टर का चक्का चढ़ गया, जबकि पीएसआई प्रिंस कुमार चौधरी ट्रॉली की चपेट में आने से घायल हो गए।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मौके से ट्रैक्टर चालक महमूद आलम को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, जब पुलिस जब्त ट्रैक्टर और आरोपी को थाने ले जा रही थी, तब कोसी बांध के पचमनियां ढलान के पास आरोपी के तीनों पुत्रों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिस हिरासत से उसे छुड़ाने और ट्रैक्टर छीनने की कोशिश की। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक महमूद आलम, उसके तीन पुत्रों मो. अजीज, मो. आरिफ और अली हसन सहित तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महमूद आलम और उसके पुत्र अली हसन (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi