Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

Bihar weather: 3 अगस्त को बिहार में मौसम का कहर! इन जिलों में होगी अति भारी बारिश, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

Bihar weather : बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने 3 अगस्त के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर सक्रिय द्रोणी रेखा और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटे मौसम काफी खराब रह सकता है।

मौसम विभाग ने गोपालगंज और सीवान जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं किशनगंज, सुपौल और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में भी भारी वर्षा होने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

इसके अलावा पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण सहित उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य राजस्थान से लेकर बिहार और आगे पूर्वोत्तर भारत तक फैली मानसूनी द्रोणी तथा राज्य के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से बादलों का घनत्व बढ़ा है और कई जिलों में जोरदार बारिश की स्थिति बन रही है।

बीते 24 घंटों के दौरान रोहतास जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि भभुआ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर अरवल में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पटना में भी 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम का ताजा अपडेट देखते रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi