Dailyhunt
जहर, आग और साजिश का खौफनाक खेल! मुजफ्फरपुर में पति की रहस्यमयी मौत, पत्नी पर हत्या की सनसनीखेज साजिश का आरोप

जहर, आग और साजिश का खौफनाक खेल! मुजफ्फरपुर में पति की रहस्यमयी मौत, पत्नी पर हत्या की सनसनीखेज साजिश का आरोप

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में मृतक की पत्नी पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उसने पहले पति को जहर दिया और फिर सबूत मिटाने के लिए कमरे में आग लगाने की कोशिश की।

घटना सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड संख्या पांच की है, जहां 32 वर्षीय अंशु कुमार की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को जब घर के कमरे से धुआं उठता देखा गया, तो परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंशु को बाहर निकाला। उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी।

परिजनों का आरोप है कि अंशु को पहले जहर दिया गया, जिसके बाद उसे कमरे में छोड़कर आग लगा दी गई, ताकि यह घटना हादसा लगे। कमरे के अंदर बिस्तर और अन्य सामान जले हुए मिले, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अंशु का शरीर ज्यादा झुलसा हुआ नहीं था, जिससे शक और गहरा गया।

गंभीर हालत में अंशु को पहले सुजावलपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर शहर के एक बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद देर शाम उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई उदय कुमार सिंह और भाभी रेखा ने सीधे तौर पर अंशु की पत्नी स्वीटी भारती पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक की मौत जहर खाने से हुई है, जबकि कमरे में आग लगाए जाने के भी संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, अंशु पर बैंक का लोन था और किस्त नहीं चुकाने के कारण उसके घर पर नोटिस भी चिपकाया गया था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। परिजनों का कहना है कि इसी तनाव के बीच यह घटना हुई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि अंशु पिछले कुछ महीनों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था। हाल ही में उसके भाई ने उसे घर बुलाया था, ताकि परिवार में चल रहे विवाद को सुलझाया जा सके। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी।

अंशु की शादी साल 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। करीब दो साल पहले एक हादसे में उसका पैर टूट गया था, जिससे वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया था और चलने-फिरने में दिक्कत होती थी।

इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग स्तब्ध हैं कि आखिर सच्चाई क्या है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi