Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

करंट लगने से चाचा की दर्दनाक मौत, बचाने गए भतीजे की भी गई जान; बिजली विभाग की लापरवाही आई सामने

Bihar News: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव में बुधवार की सुबह दर्दनाक हादसे में करंट लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।

मृतकों की पहचान चांदी गांव वार्ड संख्या-10 निवासी स्व. मंगरु साह के 56 वर्षीय पुत्र महेंद्र साह तथा उसी गांव निवासी राजेंद्र साह के 30 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। महेंद्र साह चांदी बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे, जबकि संजय कुमार उसी दुकान पर काम करता था।

मृतक महेंद्र साह के पुत्र रवि कुमार ने बताया कि उनके पिता अपने चचेरे भाई के साथ चांदी-कुल्हड़िया रोड पर सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान बंदरों के कारण बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया था, जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रही थी। अनजाने में महेंद्र साह उस तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से छटपटाने लगे। उन्हें बचाने के लिए भतीजा संजय कुमार दौड़कर पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi