Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

मिठाई की दुकान में करंट लगने से दुकानदार और मजदूर की मौत, लोहे के पाइप में उतरा था बिजली का करंट

Bihar News: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से मिठाई दुकानदार समेत दो लोगों की मौत हो गई. हादसा चांदी चौक स्थित मिठाई की दुकान में हुआ.

बताया जा रहा है कि बिजली के तार में लीकेज के कारण लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया था. इसी पाइप के संपर्क में आने से दुकानदार और दुकान पर काम करने वाला मजदूर करंट की चपेट में आ गए.

मृतकों की पहचान चांदी गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र साव और 27 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है. महेंद्र साव चांदी चौक पर मिठाई की दुकान चलाते थे, जबकि संजय कुमार उसी दुकान पर मजदूरी का काम करते थे. हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह दुकान में बिजली के तार की टेपिंग लीक थी. इसी दौरान लीक हुआ तार लोहे के पाइप के संपर्क में आ गया. तार के संपर्क में आने के बाद पाइप में करंट प्रवाहित हो गया. इसी बीच महेंद्र साव और संजय कुमार पाइप के संपर्क में आ गए और दोनों को जोरदार करंट लग गया. करंट लगने के बाद दोनों बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े.

हादसे के बाद दुकान के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू की. गंभीर हालत में दोनों को सदर अस्पताल, आरा ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया.

सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया. परिजन अस्पताल पहुंच गए और घटना के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, हादसे की खबर मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.

घटना की सूचना मिलने पर चांदी थाना पुलिस भी सक्रिय हुई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में बिजली के तार में लीकेज के कारण लोहे के पाइप में करंट उतरने की बात सामने आ रही है.

चांदी थानाध्यक्ष राकेश रोशन ने दो लोगों की विद्युत स्पर्शाघात से मौत होने की पुष्टि की है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi