Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, दो नाबालिग ममेरे भाइयों की मौत; तीसरा गंभीर

Bihar Road Accident: बेगूसराय में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो नाबालिग ममेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है. घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसरा हुआ है.

हादसा चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कोरजाना स्थित पेट्रोल पंप के पास SH-55 पर बुधवार सुबह हुआ. जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर मोबाइल दुकान जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो किशोरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मेघौल बिदुलिया वार्ड-3 निवासी धर्मेंद्र सहनी के 16 वर्षीय पुत्र पवन कुमार और विलैयती सहनी के 14 वर्षीय पुत्र गणपत कुमार के रूप में हुई है. दोनों आपस में ममेरे भाई थे. वहीं, हादसे में पवन का मसेरा भाई 15 वर्षीय गौतम कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है. गौतम विजय सहनी का पुत्र है.

रोज की तरह बाइक से दुकान जा रहे थे तीनों

परिजनों के अनुसार, तीनों किशोर चेरिया बरियारपुर के विश्वकर्मा चौक स्थित 'मामू-भांजा मोबाइल' दुकान पर काम करते थे. पवन और गणपत ननिहाल में रहकर दुकान संभालते थे. बुधवार सुबह भी तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर दुकान जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान कोरजाना के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई.

टक्कर के बाद स्कॉर्पियो छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया.

सूचना मिलते ही चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं घायल गौतम को इलाज के लिए पहले चेरिया बरियारपुर पीएचसी ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

गौतम की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे बेगूसराय सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है. फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके और वाहन चालक तक पहुंचा जा सके.
बेगूसराय से हरेराम दास की रिपोर्ट

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First Bihar Hindi