Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
VIDEO: राजस्थान में बदलाव नहीं, भरोसा कायम, राहुल गांधी की दो लाइन ने दिया राजस्थान कांग्रेस में संदेश, देखिए ये खास रिपोर्ट

VIDEO: राजस्थान में बदलाव नहीं, भरोसा कायम, राहुल गांधी की दो लाइन ने दिया राजस्थान कांग्रेस में संदेश, देखिए ये खास रिपोर्ट

First India News 1 week ago
"

जयपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की पीठ थपथपाकर प्रदेश की कांग्रेसी सियासत में हलचल पैदा कर दी है.

राहुल गांधी के बयान प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की चर्चाओं पर विराम लग गया है और राजस्थान कांग्रेस अन्य राज्यों के लिए मिसाल बन गई है.

पुष्कर में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्षों के आवासीय प्रशिक्षण् शिविर के समापन में हिस्सा लेने के लिए जब कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी राजस्थान की धरती पर उतरे, तो एक ऐसा बयान दे डाला, जिसने राजस्थान कांग्रेस की तस्वीर को पूरी तरह से साफ कर दिया. विशेष विमान से राहुल गांधी किशनगढ एयरपोर्ट पर उतरे. एक-एक करके कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया, जब बारी पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की आई, तो राहुल गांधी ने दोनों को ऐसी शाबाशी दी कि राजस्थान की सियासत में हलचल पैदा हो गई. राहुल गांधी ने जूली और डोटासरा से कहा- पीसीसी और सीएलपी मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं. आगे भी ऐसे करते रहो. आप बाकी राज्यों के लिए भी अच्छे उदाहरण हो आप.

राजस्थान की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से चल रही बदलाव की चर्चाओं को विराम देने के लिए यह बयान काफी था. दरअसल गोविंद सिंह डोटासरा को पीसीसी अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए करीब छह साल हो गए और कांग्रेस में ही एक ग्रुप यह चर्चा चला रहा था कि डोटासरा को बदला जाएगा. लेकिन डोटासरा पिछले काफी समय से संगठन के लिए जिस तरह से काम कर रहे हैं, उसकी तारीफ कांग्रेस CWC बैठक में भी हो चुकी है. डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के बीच समन्वय की जुगलबंदी की चर्चा तो हर कोई कर रहा है. डोटासरा सड़क पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, तो जूली विधानसभा में प्रभावी प्रदर्शन करते हैं. दोनों में समन्वय ऐसा कि कांग्रेस के हर कार्यक्रम में लगभग साथ ही होते हैं. पुष्कर में श्रमिकों के बीच दोनों ने गाना, इस जंगल में हम दो शेर, गुनगुनाकर पहले ही संकेत दे दिए थे कि यह जोड़ी काफी मजबूत है.

कांग्रेस की राजनीति के ये दो नए शेर अब राहुल गांधी से मिली तारीफ के बाद गदगद है. गोविंद डोटासरा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी का शुक्रिया भी अदा किया. डोटासरा ने लिखा कि आपके अनमोल शब्द और आपकी सराहना हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं. आपके विश्वास, आपके प्रोत्साहन और आपके प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए आपका धन्यवाद. आपका मार्गदर्शन हमें लोगों के लिए निरंतर और अथक परिश्रम करने तथा उन मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है, जो हमारे राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोते हैं.

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस आगामी चुनावी रणनीतियों और संगठनात्मक मजबूती पर फोकस कर रही है. पुष्कर स्थित वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर के समापन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने राजस्थान के 50 जिला कांग्रेस अध्यक्षों और दिल्ली के 15 जिला अध्यक्षों समेत प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद किया. इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई. राजस्थान कांग्रेस लंबे समय से संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में राहुल गांधी का डोटासरा और जूली के तालमेल की सार्वजनिक रूप से तारीफ करना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि जिला अध्यक्षों के परिवार के सदस्यों को भी इसमें शामिल किया गया. राजस्थान और दिल्ली के कुल 65 जिला अध्यक्षों के परिवारों ने कार्यक्रम में भाग लिया. राहुल गांधी ने सभी परिवारों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और सामूहिक फोटो भी खिंचवाई. पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल ने संगठन को मजबूत बनाने में परिवारों के योगदान की भी सराहना की.

"
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: First India News