Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
होटल में रात 12:48 बजे रूम नंबर 103 में घुसा अनजान शख्स. बेटी की चीख सुन पिता की खुली आंख फिर जो हुआ सुनकर कांप जाएगा दिल

होटल में रात 12:48 बजे रूम नंबर 103 में घुसा अनजान शख्स. बेटी की चीख सुन पिता की खुली आंख फिर जो हुआ सुनकर कांप जाएगा दिल

Patna hotel case: बिहार की राजधानी पटना से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. बेगूसराय से अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक की परीक्षा दिलाने आए एक लाचार पिता के सामने ही होटल के कमरे में आधी रात को एक सिरफिरा शराबी घुस गया.

उसने पिता के बगल से सोई हुई बेटी का हाथ पकड़कर जबरन खींचना शुरू कर दिया.

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बेहद गंभीर और बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र का है. यहां अपनी मासूम बेटी को पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए बेगूसराय जिले से आए एक मजबूर पिता के साथ ऐसी घिनौनी वारदात हुई जिसने हर किसी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि रूपसपुर इलाके के होटल हिडन विला में ठहरे पिता-पुत्री के कमरे का दरवाजा आधी रात को अचानक खुला और शराब के नशे में पूरी तरह धुत एक युवक सीधे अंदर दाखिल हो गया. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि उस वक्त कमरे में लड़की के पिता भी मौजूद थे, लेकिन आरोपी के मन में पुलिस या कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं था.

आधी रात को 12:48 बजे कमरे में घुसा शख्स

पीड़ित पिता संतोष कुमार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वो अपनी बेटी की अगले दिन होने वाली पॉलिटेक्निक परीक्षा के लिए पटना आए थे. उन्होंने होटल में अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड जमा किया और एक हजार रुपये का भुगतान कर कमरा नंबर 103 बुक किया था. दिनभर की थका देने वाली लंबी यात्रा के बाद पिता और बेटी रात करीब 11:00 बजे कमरे का दरवाजा बंद कर सो गए. लेकिन रात के सन्नाटे में, ठीक 12 बजकर 48 मिनट पर अचानक उनके कमरे का लॉक खुला और एक अज्ञात युवक अंदर आ गया. कमरे में घुसते ही उसने सीधे बिस्तर पर सोई लड़की का हाथ पकड़ लिया और चिल्लाते हुए कहने लगा, “बाहर चलो, बाहर चलो”.

पिता की खुली आंख तो आरोपी देने लगा अजीब दलीलें

अचानक हुए इस अप्रत्याशित हमले से लड़की बुरी तरह सहम गई और उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. बेटी की चीख-पुकार सुनकर पिता की अचानक नींद खुल गई. उन्होंने जब हिम्मत दिखाते हुए उस शराबी युवक को दबोचने की कोशिश की और कड़े लहजे में पूछा कि तुम अंदर कैसे आए, तो आरोपी युवक उल्टा उन्हीं से बहस करने लगा. आरोपी ने कहा, “मैं इतनी देर से बाहर बेल बजा रहा था, तुम लोग दरवाजा क्यों नहीं खोल रहे थे? और यह लड़की कौन है?”. जब पिता ने कड़ककर जवाब दिया कि ये मेरी सगी बेटी है तब मामला बिगड़ता देख आरोपी युवक तुरंत कमरे से बाहर भाग निकला.

छापेमारी में होटल के कमरों से मिलीं लड़कियां और शराब

इस खौफनाक घटना के तुरंत बाद पीड़ित पिता ने पटना में ही रहने वाले अपने एक रिश्तेदार को फोन किया और तुरंत आपातकालीन नंबर ‘डायल 112’ पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही रूपसपुर थाने की पुलिस और बड़े बाबू दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. जब पुलिस ने होटल की गहन तलाशी लेनी शुरू की तो वहां की अंदरूनी हकीकत देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. होटल के अन्य कमरों में अवैध रूप से शराब पार्टी चल रही थी . ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने कुछ कमरों से तीन लड़कियों और चार लड़कों को आपत्तिजनक हालत में शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़ा,. हालांकि, पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही होटल का मैनेजर और अन्य आरोपी अपनी गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए.

आरोपी सत्येंद्र कुमार गिरफ्तार, होटल मालिक पर गिरेगी गाज

इस पूरे सनसनीखेज मामले पर पटना पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पिता की लिखित शिकायत पर रूपसपुर थाने में कांड संख्या 378/26 के तहत सख्त पॉक्सो एक्ट, बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम और BNS की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सत्येंद्र कुमार (उम्र 31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी शाहपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. जांच में सामने आया है कि होटल हिडन विला के सुरक्षा मानक पूरी तरह फेल थे और वहां के सीसीटीवी कैमरे भी बंद पड़े थे. पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और होटल का सिक्योरिटी ऑडिट कराने की बात कह रही है. पीड़ित पिता ने रोते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और कहा है कि अगर ऐसा ही माहौल रहा तो कोई भी पिता अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने पटना कभी नहीं लाएगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Gazab Viral