Dailyhunt
मध्यप्रदेश में होगा मंत्रिमंडल विस्तार, इंदौर से मालिनी गौड़ या मनोज पटेल को मिलेगी जगह

मध्यप्रदेश में होगा मंत्रिमंडल विस्तार, इंदौर से मालिनी गौड़ या मनोज पटेल को मिलेगी जगह

ध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवास पर हाल ही में हुई अहम बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे बड़े फेरबदल का संकेत माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार में फिलहाल 31 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक सीमा के अनुसार यह संख्या 35 तक हो सकती है। ऐसे में चार नए मंत्रियों की एंट्री तय मानी जा रही है। इसके साथ ही कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है, जिससे कैबिनेट में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

समन्वय बैठक से तेज हुई कवायद

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री निवास पर हुई समन्वय समिति की बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक में संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी भी रही। यही वजह है कि इसे बड़े फैसले की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

साथ ही, मुख्यमंत्री के हालिया दिल्ली दौरे को भी इस विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

मालिनी गौड़ या मनोज पटेल

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इंदौर से मालिनी गौड़ का नाम प्रमुख दावेदारों में है, वहीं मनोज पटेल भी रेस में बताए जा रहे हैं। इनके अलावा अर्चना चिटनीस, भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, बृजेंद्र सिंह यादव और रीति पाठक के नाम भी संभावित सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार , इस बार कैबिनेट विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर खास जोर रहेगा। निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों के साथ-साथ संगठन भी इसी रणनीति पर काम कर रहा है, ताकि आगामी चुनावों से पहले सभी वर्गों को साधा जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Ghamasan