Mint Jaljeera: चिलचिलाती धूप में अगर एक गिलास पुदीना जलजीरा मिल जाता है तो शरीर की सारी गर्मी दूर हो जाती है। पुदीना जलजीरा पीते ही पूरे शरीर में ठंडक सी घुलती महसूस होती है। पुदीना जलजीरा पीने से पेट की जलन, अपच जैसी समस्याएं भी दूर होती हैं।
पुदीना जलजीरा बॉडी डिटॉक्सिफाई करने के साथ ही वजन कम करने में भी मदद करता है। आप पुदीना जलजीरा को आसानी से घर में बना सकते हैं। इसका स्वाद बड़ों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है। आइए जानते हैं पुदीना जलजीरा बनाने का तरीका और इसे पीने के फायदे।
पुदीना जलजीरा पीने के फायदे
पाचन क्रिया में सुधार करता है: पुदीना और जीरा दोनों ही पाचन तंत्र के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। पुदीना में मौजूद पुदीने का तेल पेट में गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। वहीं, जीरा पाचन एंजाइमों को बढ़ावा देता है और भोजन के बेहतर अवशोषण में मदद करता है।
डिटॉक्सीफिकेशन में मदद करता है: पुदीना जलजीरा में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। यह रक्त को साफ करता है और लीवर और किडनी के कामकाज को बेहतर बनाता है।
वजन घटाने में सहायक: पुदीना जलजीरा मेटाबोलिज्म को बढ़ावा देता है और भूख को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके सेवन से आप कम खाते हैं और जल्दी पेट भर जाता है, जिससे वजन कम होने में मदद मिलती है।
तरोताज़ा और ऊर्जावान महसूस कराता है: पुदीना जलजीरा में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं और गर्मी के दिनों में ठंडक का अहसास करवाते हैं। इसमें मौजूद पुदीना आपको तरोताज़ा और ऊर्जावान महसूस कराता है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद: पुदीना जलजीरा में मौजूद विटामिन और खनिज त्वचा और बालों के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। यह त्वचा को हाइड्रेटेड रखता है, मुंहासों और झुर्रियों को कम करता है और बालों को मजबूत और चमकदार बनाता है।
पुदीना जलजीरा कैसे बनाएं?
सामग्री
पुदीना पत्ते कटे - 1/2 कप
हरी धनिया पत्ती कटी - 1 कप
नींबू रस - 2 टी स्पून
चीनी - 2 टी स्पून
अदरक - 1/2 इंच टुकड़ा
भुना जीरा - 1/2 टी स्पून
अमचूर पाउडर - 1/4 टी स्पून
काला नमक - 1/2 टी स्पून
पानी - 1/4 कप
बूंदी - 1/4 कप
आइस क्यूब्स
सादा नमक - 1/2 टी स्पून
पुदीना जलजीरा बनाने का तरीका
गर्मी के दिनों में पुदीना जलजीरा का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। इसके लिए सबसे पहले पुदीना और हरी धनिया पत्ती के डंठल तोड़कर अलग करें और उन्हें पानी से धो लें। इसके बाद मिक्सर में पुदीना पत्तियां, हरी धनिया पत्तियां, अदरक, अमचूर, जीरा, काला नमक,सादा नमक, नींबू रस और स्वादनुसार चीनी डाल दें। इसके बाद मिक्सर में एक चौथाई कप पानी भी मिलाएं।
अब मिक्सर जार का ढक्कन लगाकर सारी सामग्रियों को स्मूद होने तक पीस लें। इसके बाद एक बर्तन में मिश्रण को छलनी की मदद से छान लें। अब इसमें पौने चार कप ठंडा पानी डालकर मिलाएं और 5-7 आइस क्यूब्स डाल दें। टेस्टी और हेल्दी जलजीरा तैयार है। इसे सर्विंग गिलास में डालें और ऊपर से 1 टेबलस्पून बूंदी डालकर सर्व करें।
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी विशेषज्ञ, डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

