Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अब जनता की आवाज सीधे मुख्यमंत्री तक : जल्द शुरू होगी 1076 सीएम हेल्पलाइन, शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान

अब जनता की आवाज सीधे मुख्यमंत्री तक : जल्द शुरू होगी 1076 सीएम हेल्पलाइन, शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सरकार जल्द ही सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रारंभ करने जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश की जनता अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेगी तथा उनके समाधान की निगरानी भी कर सकेगी।

इसी संबंध में कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली (CMS) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को नई व्यवस्था की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निराकरण की समय-सीमा और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रणाली पांच प्रमुख स्तंभों पर कार्य करेगी प्रणाली
प्रशिक्षकों ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन राज्य शासन की गुड गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिसके जरिए नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यह प्रणाली पांच प्रमुख स्तंभों- शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निवारण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी निगरानी पर आधारित होगी।

12 अंकों का दिया जाएगा यूनिक टोकन नंबर
प्रत्येक शिकायत को एक 12 अंकों का यूनिक टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर चरण में ट्रैक कर सकेगा। यदि निर्धारित समय-सीमा में शिकायत का समाधान नहीं होता है तो वह स्वतः उच्च स्तर के अधिकारी के पास पहुंच जाएगी, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

चार माध्यमों से दर्ज होगी शिकायत
1.
1076 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके
2. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से
3. व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म के जरिए
4. सीएम विष्णु देव साय के समक्ष सीधे आवेदन प्रस्तुत कर

विशेष बात यह है कि जो लोग आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए कॉल बैक सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। नागरिक कॉल बैक का अनुरोध कर सकेंगे, जिसके बाद संबंधित टीम उनसे संपर्क कर उनकी शिकायत दर्ज करेगी।

मोबाइल ऐप से भी मिलेगी सुविधा
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। ऐप और पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने, शिकायत की स्थिति देखने, फीडबैक देने तथा समाधान की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों को दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पोर्टल लॉगिन, प्रोफाइल अपडेट, डैशबोर्ड संचालन, लंबित शिकायतों की समीक्षा, समाधान विकल्प चयन और एटीआर (Action Taken Report) अपलोड करने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रदेश में शुरू होने जा रही 1076 सीएम हेल्पलाइन आम जनता और शासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनेगी, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान तेज, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से हो सकेगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

रेवतीरमन द्विवेदी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi