
MP News मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजनगर स्थित KD Petrol Pump पर पेट्रोल भरने को लेकर हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई है।
पीड़ित चंद्र प्रकाश का आरोप है कि 5 मई 2026 को वह अपनी TVS Victor बाइक में पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उनके मुताबिक बाइक की टंकी की कुल क्षमता लगभग 8 लीटर है और उस समय बाइक में पहले से करीब 4 लीटर पेट्रोल मौजूद था। इसके बावजूद पेट्रोल पंप मशीन में 9.48 लीटर पेट्रोल भरने का बिल दिखाया गया। इस हिसाब से बाइक में कुल लगभग 13 लीटर पेट्रोल दर्शाया गया, जिसे लेकर उन्होंने सवाल उठाए।
चंद्र प्रकाश का कहना है कि जब उन्होंने पेट्रोल की मात्रा को लेकर आपत्ति जताई तो पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनके कंधे में गंभीर चोट आई और कंधा डिसलोकेट हो गया।
पीड़ित ने बताया कि घटना वाले दिन ही पुलिस और HPCL दोनों जगह शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने HPCL Complaint No. 181938R5Z0N6 का भी जिक्र किया है। हालांकि उनका आरोप है कि अब तक मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से परिवार में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार चंद्र प्रकाश Coal India में कार्यरत हैं और दो छोटे बच्चों के पिता हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Vipin Tiwari

