Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन : पखांजूर की वन भूमि पर तीसरी बार चला बुलडोजर, अब पौधरोपण कर होगी घेराबंदी

अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन : पखांजूर की वन भूमि पर तीसरी बार चला बुलडोजर, अब पौधरोपण कर होगी घेराबंदी

सुमीत बराई - पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर के ग्राम पंचायत चाणक्यपुरी स्थित पी.व्ही.-8 में वन भूमि पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग और प्रशासन ने एक बार फिर संयुक्त कार्रवाई की है।

करीब एक हेक्टेयर वन भूमि से तीसरी बार अवैध कब्जा हटाया गया। इस बार दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए मौके पर पौधरोपण शुरू कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र की स्थायी तार जाली से घेराबंदी की जा रही है।

प्लांटेशन नष्ट कर शुरू की गई खेती
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी खोखन तालुकदार ने वन विभाग की करीब एक हेक्टेयर भूमि पर कब्जा कर खेती शुरू कर दी थी। ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद वन विभाग पहले भी दो बार अतिक्रमण हटा चुका था, लेकिन हर बार दोबारा कब्जा कर खेती शुरू कर दी गई। बताया गया कि संबंधित भूमि पर पहले वन विभाग का प्लांटेशन था। आरोप है कि प्लांटेशन को आग लगाकर नष्ट कर दिया गया, जिसके बाद वहां खेती की जाने लगी। वन विभाग ने कई बार कब्जाधारी को समझाइश भी दी थी।

जनवरी में भी हटाया गया था कब्जा
वन विभाग ने जनवरी में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। उस समय कब्जाधारी से लिखित आश्वासन लिया गया था कि भविष्य में दोबारा वन भूमि पर कब्जा नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद इस वर्ष फिर से भूमि पर धान की रोपाई कर दी गई।

संयुक्त टीम ने हटाया अवैध कब्जा
नई शिकायत मिलने पर मंगलवार को राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर की मदद से अवैध कब्जा हटाया गया और वन भूमि को मुक्त कराया गया।

अब पौधरोपण और तारबंदी से होगी स्थायी सुरक्षा
कार्रवाई के तुरंत बाद वन विभाग ने खाली कराई गई भूमि पर पौधरोपण शुरू कर दिया। साथ ही पूरे क्षेत्र की तार जाली से घेराबंदी की जा रही है, ताकि भविष्य में वन भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके।

छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

मुस्कान लोहिया

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi