कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। नदी-नालों के उफान पर आने से कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हो गया है।
सबसे गंभीर स्थिति सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को जोड़ने वाले घटमड़वा नाले की है, जहां नाले के ऊपर करीब 3 फीट से अधिक पानी बह रहा है। पुलिस ने मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया है और लोगों को दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।
इधर, बलौदाबाजार जिले को जांजगीर-चांपा जिले से जोड़ने वाले गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग पर स्थित शबरी पुल पर भी खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। महानदी का पानी पुल से महज 2 फीट नीचे बह रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका जताई जा रही है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन ने 5 पुलों में आवागमन कराया बंद
इसके साथ ही कसडोल ब्लॉक में बया पिथौरा मार्ग विकासखंड पलारी स्थित महानदी अमेठी घाट में पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है, भाटापारा सुहेला मार्ग जमुनिया नाला पुल में 1 फिट ऊपर पानी, सुहेला में भंवरगढ़ -बरडीह मार्ग जमुनिया नाला पुल एवं शिकारी केशली मारह जमुनिया नाला में 1-1 फिट ऊपर पानी, बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डेम में 2 फिट ऊपर पानी है। इन सभी 5 पुलों में प्रशासन द्वारा आवागमन बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि उफनते नदी-नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)
रेवतीरमन द्विवेदी

