
BAN vs PAK 1st Test Highlights: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टेस्ट क्रिकेट में खराब दौर लगातार गहराता जा रहा। ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराकर इतिहास रच दिया।
यह पहली बार है जब पाकिस्तान को बांग्लादेश की धरती पर टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज भी अपने नाम करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा लिया।
268 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम कभी भी मैच में पूरी तरह नियंत्रण में नजर नहीं आई। शुरुआत बेहद खराब रही और इमाम-उल-हक सिर्फ 2 रन बनाकर तस्कीन अहमद का शिकार हो गए। इसके बाद अब्दुल्ला फजल ने जरूर 66 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके।
पाकिस्तान की बांग्लादेश में पहली टेस्ट हार
पाकिस्तान की उम्मीदें मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील की साझेदारी पर टिकी थीं। दोनों ने कुछ देर तक टीम को संभाला भी, लेकिन फिर बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। नाहिद ने पहले रिजवान और शकील को आउट किया, फिर निचले क्रम को तहस-नहस कर पाकिस्तान की हार तय कर दी।
नाहिद राणा ने खोला पंजा
बारिश की वजह से तीसरे और चौथे दिन का काफी खेल धुल गया था, लेकिन पांचवें दिन बांग्लादेश ने आक्रामक अंदाज दिखाया। टीम ने अपनी दूसरी पारी 240/9 पर घोषित की। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शानदार 87 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी पारी में सात चौके शामिल रहे। मेहदी हसन ने भी तेज 24 रन जोड़कर बढ़त को 250 के पार पहुंचाया।
मेहदी हसन ने पहली पारी में 5 विकेट लिए
इससे पहले बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 386 रन पर सिमट गई थी और यहीं से मेजबान टीम ने मैच पर पकड़ बना ली। ऑफ स्पिनर मेहदी हसन ने पहली पारी में पांच विकेट लेकर पाकिस्तान पर दबाव बनाया था।
चाय तक पाकिस्तान के चार विकेट बचे हुए थे और मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन नाहिद राणा के तेज और अनुशासित स्पेल ने सब बदल दिया। पाकिस्तान की पूरी टीम दबाव में बिखर गई। इस जीत के साथ बांग्लादेश को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 12 अहम अंक मिले हैं। वहीं पाकिस्तान के लिए यह हार टेस्ट क्रिकेट में लगातार बढ़ती मुश्किलों और कमजोर प्रदर्शन की एक और बड़ी कहानी बन गई।
सौरभ मिश्रा

