BHEL Stock Upper circuit: सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी के चौथी तिमाही के शानदार नतीजों के बाद स्टॉक 10 फीसदी उछलकर अपर सर्किट पर पहुंच गया।
कारोबार के दौरान शेयर 387.65 रुपये पर लॉक हो गया, जो निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाता है।
कंपनी ने जनवरी-मार्च तिमाही में 1283 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले साल इसी अवधि के 504 करोड़ रुपये से दोगुने से भी ज्यादा है। यह आंकड़ा बाजार के अनुमान से काफी बेहतर रहा। हालांकि, कंपनी की आय 12310 करोड़ रुपये रही, जो अनुमान 12398 करोड़ रुपये से थोड़ी कम थी, लेकिन साल-दर-साल आधार पर इसमें 37% की मजबूत बढ़त दर्ज की गई।
भेल का मुनाफा दोगुना हुआ
ऑपरेशनल प्रदर्शन भी काफी बेहतर रहा। कंपनी का EBITDA 832 करोड़ रुपये से बढ़कर 1754 करोड़ रुपये हो गया, यानी इसमें दो गुना से ज्यादा की बढ़त हुई। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन भी 9.2 से बढ़कर 14.2% हो गया, जो कंपनी की बेहतर कार्यक्षमता को दिखाता है। अन्य आय भी 159 करोड़ रुपये से बढ़कर 252 करोड़ रुपये पहुंच गई।
निवेशकों को मिलेगा अच्छा डिविडेंड
निवेशकों के लिए एक और अच्छी खबर यह रही कि कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.40 रुपये प्रति शेयर (70%) का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। अगर इसे वार्षिक आम बैठक में मंजूरी मिलती है, तो 30 दिनों के भीतर इसका भुगतान किया जाएगा।
पिछले एक साल में BHEL का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। कंपनी का शेयर करीब 70.2% चढ़ा है जबकि इसी दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स में 0.9% की गिरावट आई है। फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप लगभग 1.34 लाख करोड़ रुपये है और शेयर का पी/ई रेशियो करीब 146 है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी के मजबूत नतीजे, बेहतर मार्जिन और बढ़ती ऑर्डर बुक आने वाले समय में स्टॉक को और सपोर्ट दे सकते हैं। हालांकि, ऊंचे वैल्यूएशन को देखते हुए निवेशकों को सावधानी भी बरतनी चाहिए।
(प्रियंका कुमारी)
हरिभूमि बिज़नेस डेस्क

