
PM Modi Inaugurates Bhogapuram Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 1 अगस्त को आंध्र प्रदेश में एक नए एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है। विजयनगरम के भोगपुरम में स्थित 'अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट' को 4,727 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण रिकॉर्ड 31 महीनों में पूरा हुआ है।
इस एयरपोर्ट को पहले चरण में हर साल 60 लाख (6 मिलियन) यात्रियों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। इसके मास्टर प्लान के तहत भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर प्रति वर्ष 4 करोड़ (40 मिलियन) यात्रियों तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पहले ही कहा था कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र क्षेत्र के विकास में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा और राज्य के एविएशन सेक्टर में नए युग की शुरुआत करेगा।
उद्घाटन का पूरा शेड्यूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ इस सुविधा का निरीक्षण किया।
इसके बाद पीएम मोदी एक ओपन-टॉप वाहन में सवार होकर जनसभा स्थल की ओर गए, जहाँ 13,500 से अधिक आदिवासी महिलाओं और छात्रों ने पारंपरिक धिम्स नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी ने सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे के बीच जनसभा को संबोधित किया और दोपहर 1:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए।
पैसेंजर कैपेसिटी और एयरपोर्ट की खासियतें
भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरुआती चरण में हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालेगा। बाद के चरणों में इसकी क्षमता को और अधिक बढ़ाया जाएगा। आपको बता दें कि इस एयरपोर्ट का विकास कुल तीन चरणों में किया जा रहा है।
इस एयरपोर्ट में 3,800 मीटर लंबा कोड 4ई रनवे बनाया गया है। इसके अलावा, यहां एक इंटीग्रेटेड पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो सुविधाएं और आधुनिक एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर भी मौजूद है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने पहले इस एयरपोर्ट को उत्तर आंध्र और तेलुगु लोगों के लिए गर्व का विषय बताया था। उनका कहना है कि यह एयरपोर्ट उत्तर आंध्र के आर्थिक परिदृश्य को बदल देगा, जिससे नए अवसर पैदा होंगे और इस क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में काफी सुधार होगा।
यह एयरपोर्ट विश्व प्रसिद्ध अराकू कॉफी और अन्य पर्यटन स्थलों जैसे क्षेत्रीय आकर्षणों को भी बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को "विंग्स टू द ड्रीम्स ऑफ उत्तर आंध्र" (Wings to the Dreams of North Andhra) थीम के तहत एक व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि यह एयरपोर्ट हर घर में चर्चा का विषय बने।
सुमित कुमार

