Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Buy Back: पोर्श इंडिया ने लॉन्च की नई बाय-बैक स्कीम, जानें कौन से मॉडल होंगे शामिल

Buy Back: पोर्श इंडिया ने लॉन्च की नई बाय-बैक स्कीम, जानें कौन से मॉडल होंगे शामिल

Buy Back: लग्जरी कार निर्माता पोर्श इंडिया ने भारतीय ग्राहकों के लिए नया 'एश्योर्ड बाय-बैक प्रोग्राम' शुरू किया है। इस नई योजना के तहत ग्राहक अपनी पोर्शे कार की भविष्य की रीसेल वैल्यू पहले से तय कर सकेंगे।

कंपनी ने फिलहाल इस सुविधा को Porsche Cayenne, Macan Electric और Taycan मॉडल्स के लिए पेश किया है।

क्या है पोर्श सुनिश्चित बाय-बैक योजना?
इस प्रोग्राम के तहत ग्राहक कार खरीदते समय ही उसकी 36 महीने (3 साल) बाद की अनुमानित बाय-बैक वैल्यू तय कर सकते हैं। इसके लिए Porsche India ने एक फाइनेंशियल सर्विस कंपनी के साथ साझेदारी की है, जिससे ग्राहकों को आसान और भरोसेमंद प्रक्रिया उपलब्ध कराई जा सके।

इस स्कीम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्राहकों को भविष्य में कार की कीमत में होने वाले उतार-चढ़ाव की चिंता नहीं करनी होगी। उन्हें पहले से पता होगा कि तीन साल बाद उनकी कार की कितनी वैल्यू तय की गई है, जिससे वे अपनी अगली कार खरीदने की बेहतर योजना बना सकेंगे।

कितनी होगी बाय-बैक वैल्यू?
Porsche India के अनुसार, इस प्रोग्राम के तहत अलग-अलग मॉडल्स के लिए अलग-अलग सुनिश्चित वैल्यू तय की गई है।

Porsche Cayenne: कार की एक्स-शोरूम कीमत का अधिकतम 70 प्रतिशत तक
Porsche Macan Electric और Taycan: एक्स-शोरूम कीमत का अधिकतम 55 प्रतिशत तक

कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर ओनरशिप अनुभव देना और Porsche के साथ उनके लंबे जुड़ाव को मजबूत करना है।

कंपनी ने क्या कहा?
Porsche India के हेड आशुतोष दीक्षित ने कहा कि Assured Buy-Back Program ग्राहकों को अधिक भरोसा और सुविधा प्रदान करेगा। यह पहल ग्राहकों की कार ओनरशिप यात्रा को आसान बनाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की खरीदारी के लिए बेहतर वित्तीय योजना बनाने में मदद करेगी।

भारत में Porsche की कार लाइनअप
भारतीय बाजार में Porsche की मौजूदा लाइनअप में Macan, Macan Electric, Cayenne, Cayenne Coupe, Panamera, Taycan और 911 जैसे मॉडल शामिल हैं। वहीं, Porsche 718 सीरीज फिलहाल भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है।

कीमत की बात करें तो Porsche Macan कंपनी का सबसे किफायती मॉडल है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 89.65 लाख रुपये है। वहीं Macan Electric की कीमत लगभग 1.22 करोड़ रुपये से शुरू होती है।

इसके अलावा Porsche Cayenne की शुरुआती कीमत करीब 1.39 करोड़ रुपये, Taycan और Panamera की कीमत लगभग 1.70 करोड़ रुपये से शुरू होती है। वहीं प्रतिष्ठित Porsche 911 की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये से शुरू होकर हाई-परफॉर्मेंस वेरिएंट में लगभग 3.80 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है।

(मंजू कुमारी)

हरिभूमि ऑटो डेस्क

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi