
Car Comparison: भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में मिड-साइज SUV सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में Toyota Urban Cruiser Ebella और Hyundai Creta Electric दो ऐसे विकल्प हैं जो प्रीमियम फीचर्स, शानदार रेंज और आधुनिक तकनीक के साथ ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
जहां Ebella टोयोटा की पहली मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV है, वहीं Creta Electric देश की लोकप्रिय SUV क्रेटा का इलेक्ट्रिक अवतार है।
डिजाइन और केबिन
- Toyota Urban Cruiser Ebella का डिजाइन मॉडर्न और प्रीमियम है। इसमें स्लीक LED लाइटिंग, आकर्षक बॉडी लाइन्स और दमदार SUV स्टाइल देखने को मिलता है। दूसरी ओर, Hyundai Creta Electric अपने परिचित लेकिन स्पोर्टी डिजाइन के साथ आती है, जो युवा खरीदारों को आकर्षित करती है।
- इंटीरियर की बात करें तो दोनों SUV प्रीमियम अनुभव प्रदान करती हैं। Ebella में 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 10.1-इंच टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और JBL साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं। वहीं Creta Electric भी वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और एडवांस कनेक्टिविटी फीचर्स से लैस है।
फीचर्स और सेफ्टी
दोनों SUV में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto की सुविधा दी गई है। Ebella में लेवल-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा और स्मार्ट चार्जिंग फीचर्स मिलते हैं। वहीं Creta Electric में V2L तकनीक, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार फीचर्स प्रमुख हैं। सुरक्षा के लिहाज से दोनों मॉडल कई एयरबैग्स और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम के साथ आते हैं।
बैटरी, परफॉर्मेंस और रेंज
Ebella दो बैटरी विकल्पों - 49 kWh और 61 kWh - के साथ उपलब्ध है। इसका बड़ा बैटरी पैक 543 किमी तक की दावा की गई रेंज देता है। वहीं Creta Electric में 42 kWh और 51.4 kWh बैटरी पैक मिलते हैं, जिनकी रेंज क्रमशः 420 किमी और 510 किमी तक है। हालांकि Creta का टॉर्क ज्यादा है, लेकिन रेंज के मामले में Ebella आगे निकलती है।
अगर आपकी प्राथमिकता लंबी ड्राइविंग रेंज और Toyota की भरोसेमंद ब्रांड वैल्यू है, तो Urban Cruiser Ebella बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। वहीं किफायती शुरुआती कीमत, दमदार परफॉर्मेंस और फीचर-लोडेड पैकेज चाहने वाले ग्राहकों के लिए Hyundai Creta Electric एक आकर्षक और वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प है।
(मंजू कुमारी)
हरिभूमि ऑटो डेस्क

