
CM Rekha Gupta: दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम को एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की जान चली गई है। मलबे में 5 से 6 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि लगभग 8 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। इन सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने किया घटनास्थल का दौरा
रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सीएम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बचाव दल और डॉक्टर अभी भी ढही हुई इमारत के हिस्से में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बचाव दल को भी तैनात किया जा रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा सके। रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अनधिकृत इमारतों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
सीएम रेखा गुप्ता ने इस घटना के बाद साफ कहा कि दिल्ली में जितनी भी अनधिकृत इमारतें हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी एक्शन लेने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस हादसे को गंभीर बताया और कहा कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद आगे की जांच की जाएगी।
बचाव कार्य जारी
वर्तमान में बचाव दल लगातार काम कर रहा है। अतिरिक्त टीमों को बुलाया जा रहा है ताकि कोई भी फंसा व्यक्ति रह न जाए। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। इस घटना ने एक बार फिर अनधिकृत निर्माणों की समस्या को उजागर किया है। दिल्ली सरकार ने आश्वासन दिया है कि ऐसे सभी मामलों की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनधिकृत इमारत में रहने या काम करने से बचें।
Narendra Kumar

