Daulat Chaat Recipe: दिल्ली अपने खान-पान के अलग अंदाज की वजह से भी पहचानी जाती है। यहां मिलने वाली दौलत की चाट काफी लोकप्रिय है। चाट सुनकर एकबानगी आपके जेहन में नमकीन डिश आ सकती है, लेकिन ये इसका उल्टा है।
दौलत की चाट एक पारंपरिक मिठाई है जो कि दूध से तैयार होती है।
दूध का झाग बनाकर तैयार की जाने वाली इस चाट को मुंह में रखते ही घुल जाती है। दिल्ली वाली दौलत चाट का स्वाद आप अगर घर बैठे ही हासिल करना चाहते हैं तो आसान विधि का पालन कर इसे बना सकते हैं।
दौलत चाट बनाने के लिए सामग्री
दूध - 2 लीटर
मलाई - 1 बड़ी कटोरी
सिरका - 2 टी स्पून
सूखे मेवे कटे - 1 टेबलस्पून
केसर - 8-10 धागे
चीनी पिसी - स्वाद के मुताबिक
दौलत चाट बनाने का तरीका
दौलत की चाट एक बेहद लोकप्रिय स्वीट डिश है जो कि आप घर पर भी तैयार कर सकते हैं। दिल्ली की इस फेमस चाट को बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दूध डालें और उसे अच्छी तरह से उबाल लें। इसके बाद दूध को ठंडा होने के लिए रख दें। दूध जब ठंडा हो जाए तो उसमें से डेढ़ लीटर दूध में मिलाई और सिरका डाल दें। इसके बाद दोनों चीजों को चम्मच से दूध में घोल दें।
अब दूध को सामान्य तापमान पर रातभर के लिए ढककर रख दें। ध्यान रखें कि दूध को फ्रिज में नहीं रखना है। अगले दिन दूध को एक गहरे तले वाले बर्तन में शिफ्ट करें और दूध को मथनी की मदद से फेटें। फेंटने के दौरान जो झाग (फेन) बनेगा उसे निकालकर एक अलग बर्तन में रखते जाएं।
इस प्रक्रिया को कई बार आजमाते जाएं और फेन जमा करते जाएं। अब बचा हुआ आधा लीटर दूध लें और उसमें केसर डालकर फेटें और बनने वाले फेन को एक अन्य बर्तन में रखते जाएं। दौलत की चाट तैयार है।
इसे सर्व करने के लिए सबसे पहले बिना केसर वाला फेन बाउल में डालें। इसके ऊपर केसर वाला फेन रखें। ऊपर से ड्राई फ्रूड्स और चीनी पाउडर डालकर चांदी के वर्क से सजा सकते हैं। आमतौर पर विंटर सीजन में इसका लुत्फ उठाया जाता है।

