Dailyhunt
DC vs RR: मैं तो खुद ही डरा हुआ था...' वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ ताव दिखाने वाले जैमिसन ने क्यों कहा ऐसा?

DC vs RR: मैं तो खुद ही डरा हुआ था...' वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ ताव दिखाने वाले जैमिसन ने क्यों कहा ऐसा?

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक दिलचस्प बयान सामने आया। दिल्ली के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसने मैच के दौरान उनके और सूर्यवंशी के बीच हुए टकराव को और चर्चा में ला दिया।

जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में जैमिसन ने 15 साल के सूर्यवंशी को पारी की शुरुआत में ही आउट कर दिया था। इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जो विवाद का कारण बना। अब जैमिसन ने खुद इस घटना पर खुलकर बात की।

मैं तो खुद डरा था: जैमिसन
आईपीएल द्वारा जारी एक वीडियो में जैमिसन ने कहा, 'मैंने अपने जीवन में कभी किसी 15 साल के खिलाड़ी से इतना दबाव महसूस नहीं किया। लेकिन हमने मैच से पहले अच्छी तैयारी की थी और खुशी है कि हमारी योजना सफल रही।' उनके इस बयान से साफ है कि युवा बल्लेबाज का प्रदर्शन और बढ़ती पहचान विरोधी टीमों पर असर डाल रही।

जैमिसन ने किया था आक्रामक सेलिब्रेशन
इस घटना के बाद बीसीसीआई ने जैमिसन पर कार्रवाई भी की। उन्हें आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया और एक डिमेरिट प्वाइंट के साथ चेतावनी दी गई। आरोप था कि विकेट लेने के बाद उन्होंने बल्लेबाज के बेहद करीब जाकर आक्रामक व्यवहार किया, जिससे टकराव की स्थिति बन सकती थी।

मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा लक्ष्य हासिल किया। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए, जिसमें रिय़ान पराग ने 90 रन की शानदार पारी खेली जबकि डोनोवन फरेरा ने नाबाद 47 रन जोड़े।

दिल्ली की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए केएल राहुल और पथुम निसंका ने 110 रन की ओपनिंग साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने अंत में मैच खत्म कर दिया। दिल्ली ने 226 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज की, जो टीम के इतिहास की सबसे बड़ी सफल रनचेज रही। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन की चौथी जीत हासिल की और अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई, जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर बनी हुई है।

सौरभ मिश्रा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi