Delhi Dwarka Accident: दिल्ली के द्वारका से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। जिसमें तीन छोटे बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना द्वारका सेक्टर 24 स्थित गोल्फ कोर्स के पास बने तालाब में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे हुई।
पुलिस को द्वारका सेक्टर 23 थाने में सुबह 7:07 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया गया।
डूबने से तीनों बच्चों की हुई मौत
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बच्चों की उम्र लगभग 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वे नहाने के इरादे से तालाब में उतरे थे। गर्मियों के मौसम में बच्चों की यह लापरवाही घातक साबित हुई।
शवों की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस बच्चों की पहचान करने में जुटी हुई है। अब तक किसी भी बच्चे की गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। बच्चों के परिजनों को सूचित करने और पोस्टमॉर्टम आदि की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस तरह की घटनाएं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं।
Narendra Kumar

