Dailyhunt
Delhi Murder Video: मुस्तफाबाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, वारदात का वीडियो वायरल

Delhi Murder Video: मुस्तफाबाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, वारदात का वीडियो वायरल

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद से ऐसी वारदात सामने आ रही है, जो दर्शाती है कि बदमाशों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है। यहां दो से तीन हमलावरों ने पहले तो एक युवक को बुरी तरह से पीटा, इसके बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

इसके बाद इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफाबाद इलाके की गली नंबर 23 में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पाया कि घायल को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस जब यहां पहुंची तो पता चला कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया है।

पुलिस ने घटनास्थल की फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। बहरहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वारदात का वीडियो वायरल

उधर, मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया जा रहा है कि इस वारदात में शामिल एक आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस युवक की हत्या इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने को लेकर चल रहे विवाद के चलते हुई है। बहरहाल, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस वारदात के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

अमित कुमार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi