Delhi News: दिल्ली के पश्चिमी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें दो आरोपियों ने एक नाबालिग लड़के पर क्रूर हमला किया। आरोपियों ने उस पर चार बार चाकू से वार किया और मरा समझकर गंदे नाले में फेंक दिया।
चमत्कार ऐसा हुआ कि लड़का बच गया और अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।
यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा है, जिसमें आरोपी अपनी बहन के साथ नाबालिग के कथित रिश्ते से नाराज था। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपियों की योजना पीड़ित को जान से मारने की थी लेकिन वह लोग अपने इरादे में नाकाम हो गए और पीड़ित लड़का बच गया।
पूरा मामला क्या है?
18 मई की शाम को आरोपी शिवम और उसके चचेरे भाई मंदीप उर्फ मोनू ने नाबालिग लड़के को उत्तर नगर के आर्य समाज रोड पर देखा। दोनों ने उसे बात करने के बहाने साथ ले लिया और मीरा बाग के नाले के पास ले गए। वहां उन्होंने नाबालिग पर चाकू से हमला बोल दिया।
पीड़ित को नाले में फेंका
पुलिस के अनुसार चार बार चाकू के वार किए गए, जिससे लड़के के अंग बाहर निकल आए। हमलावरों ने उसे मरा हुआ समझ कर नाले में फेंक दिया ताकि शव गायब हो जाए और अपराध छिप जाए। इसके बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
19 मई को पुलिस को मिली सूचना
19 मई को पश्चिम विहार पूर्व थाने को सूचना मिली कि मीरा बाग के नाले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल पड़ा है। नाबालिग लड़के को अर्ध बेहोशी की हालत में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल ले जाते समय उसने पुलिस को बताया कि शिवम और मोनू ने उसे चाकू मारा। लड़का फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और रिकवर कर रहा है।
एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने 26 वर्षीय मंदीप उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया। मोनू का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह दो महीने पहले जेल से रिहा हुआ था। उसका चचेरा भाई शिवम अभी फरार है।
आरोपियों की पहले से थी प्लानिंग
गिरफ्तार आरोपी मोनू ने पूछताछ में बताया कि शिवम ने उसे बताया था कि नाबालिग लड़का उसकी बहन के साथ प्रेम संबंध में है। इसी नाराजगी में दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और मौका ढूंढते रहे। 18 मई को मौका मिलते ही उन्होंने लड़के को लालच देकर नाले तक ले जाकर हमला किया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में शिवम की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने दिल्ली में प्रेम प्रसंग से जुड़े हिंसक मामलों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि वह आरोपी के शीघ्र पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
Narendra Kumar

