Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: भट्टी टेरर नेटवर्क के 2 मॉड्यूल का पर्दाफाश, 6 संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: भट्टी टेरर नेटवर्क के 2 मॉड्यूल का पर्दाफाश, 6 संदिग्ध गिरफ्तार

Bhatti Terror Module: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में कथित शहजाद भट्टी नेटवर्क के 2 अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली और पंजाब से 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक मॉड्यूल आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था, जबकि दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई पिस्तौल और पेट्रोल बम भी बरामद किए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।

पहले भी हुई है गिरफ्तारी

इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित कथित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें तीन संदिग्ध पंजाब से और एक दिल्ली से पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों को दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी करने का जिम्मा सौंपा गया था।

दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने का इरादा

दिल्ली पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार संदिग्ध ISI एजेंट शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि संदिग्ध पकड़े जाने से बचने के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए अपने कथित पाकिस्तानी आकाओं से संपर्क में थे।

सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल सेल को खुफिया इनपुट मिला था कि शहजाद भट्टी का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात की साजिश रच रहा है और इसके लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती की जा रही है। इसके बाद मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी-दिल्ली पुलिस

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार एक संदिग्ध ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार मंगाने की व्यवस्था कर रहा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने पंजाब से दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से एक जिगाना पिस्टल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बाद में दिल्ली से चौथे संदिग्ध गगनप्रीत को भी गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित मॉड्यूल, वित्तीय नेटवर्क और सहयोगियों की भी तलाश में जुटी है।

उषा परेवा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi