
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। तेज रफ्तार चलती कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
यह हादसा लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के पास रात करीब 1 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
कार में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष सवार थे। सभी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह जान बचाकर बाहर कूद गया, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चालक को पहले पिनान के सीएचसी और बाद में गंभीर हालत में अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त कुमार

