Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दुबई में 20 मिनट में दहल उठा जेबेल अली पोर्ट: लगातार 7 धमाकों से मची अफरातफरी, यमन से मिसाइल हमले का दावा

दुबई में 20 मिनट में दहल उठा जेबेल अली पोर्ट: लगातार 7 धमाकों से मची अफरातफरी, यमन से मिसाइल हमले का दावा

Dubai Jebel Ali blasts: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई शहर से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार तड़के दुबई के प्रसिद्ध जेबेल अली इंडस्ट्रियल जोन और पोर्ट इलाके में लगातार धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

एमिरेट्स (UAE) के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि महज 20 मिनट के भीतर इलाके में कुल 7 शक्तिशाली धमाके दर्ज किए गए। हालांकि, शुरुआती दौर में अधिकारियों ने इन धमाकों के पीछे की असली वजह का खुलासा नहीं किया है।

आसमान में उठा भारी धुआं
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाकों के बाद पोर्ट के आसपास के इलाके से भारी मात्रा में काला धुआं आसमान में उठता हुआ दिखाई दिया।

ईरान की 'मेहर' न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) की थर्मल इमेजरी में जेबेल अली पोर्ट के पास स्थित एक वेयरहाउस (गोदाम) में आग लगने की पुष्टि हुई है। इस गोदाम का इस्तेमाल मुख्य रूप से ईंधन के भंडारण और ट्रांसफर (फ्यूल स्टोरेज एंड ट्रांसफर) के लिए किया जाता है।

यमन से मिसाइल हमले का दावा
इन धमाकों की असल वजह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है। कुछ इराकी मीडिया आउटलेट्स ने यह दावा किया है कि ये विस्फोट यमन की ओर से दागे गए किसी मिसाइल हमले का परिणाम हैं। हालांकि, यूएई के अधिकारियों की तरफ से इस दावे को लेकर कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय मीडिया ने कई धमाके सुने जाने की बात जरूर कही, लेकिन इसका कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया।

इसके अलावा, अरब मीडिया से यह जानकारी भी सामने आई है कि एमिरेट्स के अधिकारियों ने इस घटना का वीडियो बना रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

यमन की राजधानी सना में भी धमाके
दुबई के साथ-साथ यमन की राजधानी सना से भी विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन धमाकों को लेकर विरोधाभासी रिपोर्ट्स मिल रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि ये धमाके एयर स्ट्राइक (हवाई हमलों) की वजह से हुए, जबकि अन्य रिपोर्ट्स में इन्हें यमन की जमीन से हुए मिसाइल लॉन्च से जोड़ा गया।

हताहतों और नुकसान पर आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल, अधिकारियों की तरफ से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान या संपत्ति को पहुंचे नुकसान (Casualties or Damage) को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुमित कुमार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi