
पीथमपुर: इंदौर और धार के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा ट्रेन का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। पश्चिम रेलवे ने इंदौर-दाहोद रेल लाइन पर अक्टूबर से ट्रेन संचालन शुरू करने का लक्ष्य तय किया है।
यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं और सुरक्षा संबंधी मंजूरी मिल जाती है, तो दीपावली से पहले यात्रियों को इस नई रेल सेवा का लाभ मिलने लगेगा।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने गुरुवार को पीथमपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन टीही रेलवे सुरंग का निरीक्षण किया। इस दौरान बताया कि सुरंग का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सितंबर में रेलवे की ओर से कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) से निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण सफल रहने पर अक्टूबर से टीही और धार के बीच ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे दो दिवसीय दौरे पर क्षेत्र में पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनके साथ रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, धार विधायक नीना वर्मा, मुख्य अभियंता धीरज कुमार सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टीही रेलवे सुरंग का 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह सुरंग 2,957 मीटर लंबी है और मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी रेलवे सुरंग मानी जाती है। यह सुरंग इंदौर-दाहोद रेल परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके पूरा होने से क्षेत्र में रेल संपर्क और मजबूत होगा।
सुरंग सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए कई इंतजाम
सुरंग को सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए कई विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इंजीनियर सुरंग के दोनों ओर ड्रेनेज लाइन का निर्माण कर रहे हैं, ताकि बारिश या अन्य कारणों से जमा होने वाले पानी की आसानी से निकासी हो सके। इससे सुरंग के भीतर जलभराव की समस्या नहीं होगी और ट्रेन संचालन सुरक्षित रहेगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरंग के अंदर 140 हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पब्लिक एड्रेस सिस्टम और एसओएस इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा। इन सुविधाओं के जरिए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सकेगी और यात्रियों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा सकेगी।
यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज
इंदौर-दाहोद रेल लाइन के शुरू होने से इंदौर, पीथमपुर और धार के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इससे उद्योग, व्यापार और स्थानीय लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। खासकर पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए यह रेल परियोजना परिवहन और कनेक्टिविटी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब लोगों की नजर अगस्त में निर्माण कार्य पूरा होने और सितंबर में होने वाले सुरक्षा निरीक्षण पर टिकी है। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ, तो अक्टूबर में इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
भरत श्रीवास्तव

