
Rajasthan Weather जयपुर में शनिवार शाम आए तेज अंधड़ और बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज कई जगहों पर खतरनाक साबित हुआ, जहां एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई।
हाईटेंशन तार बना मौत की वजह
जयसिंहपुरा खोर इलाके में तेज आंधी के चलते हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे यूनुस (निवासी खो-नागोरियान) इसकी चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि यूनुस बाइक से किसी परिचित से मिलने जा रहे थे, तभी रात करीब साढ़े 8 बजे यह हादसा हुआ। करंट के डर से आसपास मौजूद लोग भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आ सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को CPR देकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग पर लोगों का गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद बिजली सप्लाई समय पर बंद नहीं की गई और विभाग की टीम भी देर से पहुंची, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। जयसिंहपुरा खोर थाना प्रभारी मुकेश मीना के अनुसार, युवक अकेला था और किसी से मिलने इलाके में आया था।
बालकनी गिरने से मचा हड़कंप
इसी अंधड़ और बारिश का असर शहर के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। जवाहर नगर की कच्ची बस्ती (टीला नंबर 1) में रात करीब 10:30 बजे एक दो मंजिला मकान की बालकनी अचानक गिर गई।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आसपास के घरों को नुकसान पहुंचा। कई बिजली मीटर क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
अंधेरे में गुजरी रात
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक न तो प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और न ही बिजली विभाग की टीम मौके पर आई। इस वजह से करीब 15 से 20 घरों के लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।
Vipin Tiwari

