Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
झज्जर : पुलिस सुरक्षा में वृद्ध की गोलियों से भूनकर हत्या, सुरक्षाकर्मी के दौड़ने पर भागे शूटर, आरोपी पर पत्नी समेत कई कत्ल के आरोप

झज्जर : पुलिस सुरक्षा में वृद्ध की गोलियों से भूनकर हत्या, सुरक्षाकर्मी के दौड़ने पर भागे शूटर, आरोपी पर पत्नी समेत कई कत्ल के आरोप

हरियाणा के झज्जर में रविवार को दुजाना गांव में दिनदहाड़े बुजुर्ग की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय विजय सैनी के रूप में हुई है, जो अपने खेत से साइकिल से घर की तरफ लौट रहे थे।

इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक को पहले से ही पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी। जैसे ही सरकारी सुरक्षाकर्मी ने गोलियों की आवाज सुनी और वह शूटरों को दबोचने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही झज्जर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

चाय लेने घर जा रहे थे बुजुर्ग
मृतक के पुत्र सुनील सैनी ने वारदात की सिलसिलेवार जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को वे और उनके पिता विजय सैनी अपने खेतों में फसलों को पानी देने के लिए गए हुए थे। दोपहर के समय उनके पिता ने कहा कि वे साइकिल से घर जा रहे हैं और वहां से चाय लेकर थोड़ी देर में वापस लौटेंगे। पिता जैसे ही खेत से कुछ दूर पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक वहां आ धमके। उनके ठीक पीछे कुछ दूरी पर एक संदिग्ध कार भी खड़ी हुई थी।

सुनील ने बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने उनके पिता को घेरकर सीधे उन पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर जब तक उनका सुरक्षाकर्मी (गनमैन) आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़ा, तब तक अपराधी वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो चुके थे। जब परिजन भागकर मौके पर पहुंचे, तो विजय सैनी लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे। उन्हें करीब 6 से 7 गोलियां मारी गई थीं, जिनमें से अधिकांश गोलियां उनके सीने के आर-पार हो चुकी थीं। अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी ने होली पर पत्नी की हत्या भी की थी
सुनील ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि इस पूरी साजिश और हत्या के पीछे बिरधाना गांव के रहने वाले कुख्यात आरोपी संजय का हाथ है। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश चल रही है। सुनील ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि इसी साल 3 मार्च को होली के त्योहार वाले दिन आरोपी संजय ने अपनी ही पत्नी अंजलि की भी गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी और वह तभी से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है।

पहले छोटे भाई को मारा था, इसलिए मिली थी पुलिस सुरक्षा
परिजनों के अनुसार आरोपी संजय की दुश्मनी इस परिवार से काफी पुरानी है। कुछ साल पहले संजय ने विजय सैनी के छोटे बेटे अनिल सैनी की भी बेरहमी से हत्या कर दी थी। अनिल के कत्ल के बाद से ही पीड़ित परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ था, जिसके चलते प्रशासन द्वारा उन्हें सुरक्षा के लिए सरकारी गनमैन मुहैया कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने रविवार को मौका पाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।

जेल से जमानत पर आते ही रचा था खूनी खेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही हत्या सहित तीन संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह एक अन्य कत्ल के मामले में जेल की सजा काट रहा था और कुछ समय पहले ही अदालत से जमानत (बेल) पर बाहर आया था, 3 मार्च की रात को उसने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी अंजलि पर करीब 8 राउंड फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।

आनंद नायक

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi