Dailyhunt
जींद का फौजी लापता: 3 महीने से घर के पास होटल में था, परिजनों से बोला- 'ड्यूटी पर हूँ'

जींद का फौजी लापता: 3 महीने से घर के पास होटल में था, परिजनों से बोला- 'ड्यूटी पर हूँ'

जींद का फौजी लापता: हरियाणा के जींद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गांव राजगढ़ का रहने वाला भारतीय सेना का एक जवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।

विशाखापट्टनम में तैनात यह जवान फरवरी में 40 दिन की छुट्टी लेकर घर के लिए निकला था, लेकिन घर पहुँचने के बजाय वह करीब डेढ़ महीने तक जींद के ही एक होटल में रुका रहा। अब होटल से भी उसके गायब होने के बाद पिता ने अनहोनी की आशंका जताई है।

विशाखापट्टनम यूनिट के फोन से खुला राज
लापता जवान मनदीप के पिता कपूर सिंह ने बताया कि उनका बेटा साल 2012 में सेना में भर्ती हुआ था। मनदीप ने परिजनों को बताया था कि वह 40 दिन की छुट्टी पर आ रहा है। 2 अप्रैल तक वह फोन पर परिवार से बात करता रहा और लगातार यही कहता रहा कि वह अपनी ड्यूटी पर तैनात है। भेद तब खुला जब 17 अप्रैल को विशाखापट्टनम स्थित उसकी यूनिट से घर पर फोन आया कि मनदीप ड्यूटी से गैरहाजिर है।

'IT'S STAY' होटल में रखा सामान
परेशान परिजनों ने जब मनदीप के दोस्त प्रदीप से संपर्क किया, तो पता चला कि उसका सामान जींद के सफीदों रोड स्थित 'IT'S STAY' होटल में रखा है। होटल मालिक के अनुसार मनदीप 17 फरवरी को होटल आया था और तभी से वहां रह रहा था। होटल रिकॉर्ड के मुताबिक, वह 3 अप्रैल को वहां से चला गया। 3 अप्रैल के बाद से ही उसके दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहे हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पिता कपूर सिंह की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए निम्नलिखित कदम उठा रही है।

होटल के CCTV फुटेज खंगाले
जवान के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) निकाली जा रही है ताकि आखिरी लोकेशन का पता चल सके। जवान के अचानक लापता होने और घर के पास ही होटल में छिपकर रहने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल परिजन किसी अनहोनी के डर से काफी परेशान हैं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

निधि

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Haribhoomi