
हरियाणा के करनाल में शहर के व्यस्त नमस्ते चौक के पास एक अनियंत्रित और तेज गति से आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दो नौजवानों को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
कुछ खाने-पीने आए थे दोनों दोस्त
हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान नगला चौक (करनाल) निवासी 20 वर्षीय कमल और रसूलपुर कलां गांव के रहने वाले 19 वर्षीय अंकित राणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त कुछ खाने-पीने के इरादे से नमस्ते चौक के नजदीक आए थे। वे अपनी मोटरसाइकिल को सड़क किनारे खड़ी कर उसके पास ही बातचीत कर रहे थे, तभी बेकाबू ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही कमल और अंकित के घरों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में दोनों परिवारों के सदस्य नागरिक अस्पताल पहुंचे। मोर्चरी के बाहर अपने जवान बेटों के शवों को देखकर माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं और वहां का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
सीसीटीवी की मदद से फरार ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस
अस्पताल पहुंचे जांच अधिकारी राजबीर ने बताया कि नमस्ते चौक के पास यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। आरोपी चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द ट्रक को ट्रेस कर आरोपी को दबोचा जा सके।
लोगों का फूटा गुस्सा
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि इस रूट से दिन-रात भारी संख्या में ट्रक गुजरते हैं, जिनकी रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं होता। स्थानीय लोगों के अनुसार इस चौक पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की तरफ से ट्रकों की गति को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी अनदेखी और लापरवाही के कारण आज दो और हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझ गए।
आनंद नायक

